शांतिपूूर्ण माहौल में पड़े 51.05 प्रतिशत वोट
देवरिया। सदर विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव मंगलवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। 184 मतदान केंद्रों के 487 बूथों पर शाम छह बजे तक 51.05 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। कुछ जगह ईवीएम मशीन खराब होने की शिकायत मिली, जिसे ठीक कर दिया गया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मंडलायुक्त जयंत नार्लिकर, डीआईजी राजेश मोदक ने भी मतदान केंद्रों का जायजा लिया।
सामान्य प्रेक्षक डीडी कपाड़िया, व्यय प्रेक्षक राजेश रंजन, डीएम अमित किशोर, एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र दिनभर मतदान केंद्रों का भ्रमण करते रहे। बूथों पर कोविड हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई थी। सभी मतदाताओं की थर्मल स्क्रीनिंग की गई तथा सैनिटाइजर, मास्क व ग्लब्स भी कार्मिकों ने उपलब्ध कराए। डीएम ने टाउन हाल परिसर स्थित बूथ पर मतदान किया। मंडलायुक्त, डीआईजी के साथ चंद्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज गौरी बाजार एवं देवगांव बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कोविड हेल्प डेस्क पर थर्मल स्क्रीनिंग कराई। कोविड-19 के संक्रमण से बचाव सामग्रियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डेस्क पर तैनात कर्मचारी को सभी की स्क्रीनिंग व मास्क आदि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। कहा कि हर हाल में मतदान कार्य को निष्पक्षता और पारदर्शिता से कराएं।
डीआईजी ने कहा कि पुलिस बल की पर्याप्त उपलब्धता है। हर हाल में निष्पक्ष, निर्विघ्न, भयमुक्त होकर मतदान कराएं। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने जिला पंचायत परिसर में स्थापित बूथ, एसएसबीएल इंटर कॉलेज, सिरजम, देवगांव, कालावन, पथरहट, रामनाथ देवरिया आदि बूथों का जायजा लिया। उन्होंने पीठासीन अधिकारियों सहित अन्य अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्पक्षता से करने तथा सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों को क्षेत्रों में भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि जिस जगह कठिनाई आए उसका समाधान कराएं। किसी भी दशा में निर्वाचन आयोग के आदेशों का उल्लंघन न हो। एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने पुलिस अधिकारियों व सुुरक्षा कर्मियों को शांतिपूर्ण चुनाव कराने के निर्देश दिए। सामान्य प्रेक्षक एवं व्यय प्रेक्षक ने बूथों पर पहुंचकर मतदान कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों व मतदान कार्मिकों को निर्देश दिए।
कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखी गई ईवीएम
मतदान के बाद मंगलवार की देर शाम तक मतगणना केंद्र महाराजा अग्रसेन कॉलेज आफ कामर्स में स्थापित स्ट्रांग रूम में पीठासीन अधिकारियों ने जमा किया। इसके बाद उसे सील कर दिया गया। यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
डीएम अमित किशोर व एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने स्ट्रांग रूम एवं ईवीएम जमा करने की व्यवस्था का निरीक्षण किए। सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने का निर्देश दिया। ईवीएम जमा करने के लिए 25 काउंटर बनाए गए थे। कार्मिकों को हिदायत दी गई कि कोई भी चूक न हो।