जानकारी के अनुसार, घटना 27 नवंबर की है। मृतक के बेटे दिवाकर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 27 नवंबर की शाम करीब तीन बजे वह घर के दरवाजे पर बैठा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले धर्मेंद्र, राजू और रविंदर बिना किसी वजह गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि जब उसके पिता बहादुर ने इसका विरोध किया तो तीनों ने मिलकर उनके साथ मारपीट कर दी। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन ने घायल बहादुर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार रात उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खोराबार थाना प्रभारी सुधांशु सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही थी। घायल की इलाज के दौरान मौत हो गई है। तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया है।