गोरखपुर में आग लगने से 50 एकड़ से अधिक गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सोमवार को तेज पछुआ हवा के बीच गगहा ब्लॉक के रियांव गांव के सिवान में गेहूं के खेत में आग लग गई। आग सबसे पहले रामजतन यादव के खेत में लगी। जैसे ही आग लगी उनके परिवार के लोग खेत के आसपास थे। आग बुझाना शुरू कर दिए। आधा एकड़ गेहूं की फसल जल गई।
यहां से निकली चिनगारी सड़क पार कर नगई यादव के खेत में पहुंच गई। तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। लोग खेतों की तरफ दौड़ पड़े। पेड़ की डालियां और धूल डाल कर आग बुझाने का प्रयास करने लगे।
इस बीच इसकी सूचना चिल्लूपार के विधायक राजेश त्रिपाठी को दी गई। उन्होंने बड़हलगंज में तैनात दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भेजा। हालांकि, यह क्षेत्र बांसगांव में पड़ता है। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने सबसे पहले बंधों को पानी से भिगोना शुरू किया। आग बंधे के करीब पहुंच गई थी।
आग से आमोद शाही, शिवधन, रामनंद यादव, दिनेश गुप्ता, महेश गुप्ता, सिंगारे यादव, बब्लू यादव, रामाज्ञा, दुलारे गुप्ता सहित कई लोगों की फसल जलकर खाक हो गई है।