परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति बनाये रखने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से चलाया जा रहा औचक निरीक्षण अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। इस दौरान 6 प्रधानाध्यापक, 31 सहायक अध्यापक, 9 अनुदेशक और 16 शिक्षामित्र अनुपस्थित मिले। इन सभी का वेतन रोक दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बीएसए की अगुवाई में खंड शिक्षा अधिकारियों और जिला समन्वयकों की अलग-अलग टीमों ने मंगलवार को 45 विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान 8 विद्यालयों पर ताला लटका नजर आया। वहीं, 37 विद्यालयों में 62 लोग अनुपस्थित मिले। सभी के अनुपस्थित दिन का वेतन रोक दिया गया है। टीम की ओर से भटहट, चरगांवा, खजनी और सहजनवां सहित 45 विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया।
रसोइयों का चयन नहीं होगा
परिषदीय स्कूलों में मिड डे मील बनाने के लिए रसोइयों का चयन नहीं किया जाएगा। पिछले वर्ष के चयनित रसोइयों से ही काम लिया जाएगा। जिला समन्वयक मिड-डे-मील दीपक पटेल ने बताया कि शासन के निर्देश के क्रम में डीएम ने किसी भी रसोइया को परिवर्तित या निष्कासित नहीं करने को कहा है। यदि किसी ब्लाक के रसोइया के निष्कासन के संदर्भ में ज्ञापन उच्चाधिकारियों को दिया जाएगा तो उस ब्लाक के खंड शिक्षाधिकारी व संबंधित अध्यापक के दायित्व का निर्वहन करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।