गोरखपुर। जिले में सौ दिवसीय टीबी रोगी खोजी अभियान के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अब टीबी मरीजों के साथ गैर संचारी रोगों के मरीजों की भी पहचान करेंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा ने शुक्रवार को ई-आरोग्य पाठशाला के माध्यम से सभी सीएचओ की बैठक ली।
कार्यक्रम में जिले के एमओआईसी, बीसीपीएम और टीबी विभाग से जुड़े कर्मी भी शामिल हुए। सीएमओ ने बताया कि एक जून से शुरू होकर 40 दिनों तक चलने वाले अभियान में जिले भर में 417 विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में उच्च जोखिम समूह, मधुमेह मरीज और 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की जांच पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रत्येक व्यक्ति की बीपी और शुगर जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ. झा ने कहा कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए और ग्राम प्रधानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। टीबी के संभावित मरीजों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भेजा जाएगा। अभियान में एआरओ भी सहयोग करेंगे। इस दौरान डीटीओ डॉ. नंदलाल कुशवाहा, डिप्टी सीएमओ डॉ. अश्विनी चौरसिया और डीसीपीएम रिपुंजय पांडेय मौजूद रहे।