खेती-किसानी के कार्यों में नहीं होगी डीजल की परेशानी
धान की रोपाई और जुताई के लिए बनाई गई नई व्यवस्था
गोरखपुर। जिले में डीजल की किल्लत को देखते हुए प्रशासन ने किसानों को राहत देने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। अब जिन किसानों को खेती-किसानी के कार्यों के लिए अधिक डीजल की जरूरत होगी, वे अपनी खतौनी दिखाकर पंपों से जरूरत के अनुसार डीजल प्राप्त कर सकेंगे। इससे धान की रोपाई, बेहन डालने और खेतों की जोताई जैसे कार्य प्रभावित नहीं होंगे।
डीजल की कमी की शिकायतों के बाद डीएम ने पिछले सप्ताह जिला पूर्ति विभाग और पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक कर किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभाग की ओर से नई व्यवस्था लागू की गई है, जिससे बड़े किसानों को विशेष राहत मिलेगी। इससे छोटे किसानों को भी फायदा मिलेगा। इस समय छोटे किसानों के लिए संचालक पांच से 10 लीटर डीजल बिना कुछ दिखाए ही दे रहे हैं। जिले में डीजल की किल्लत को लेकर दो दिन पहले ही जिला पूर्ति विभाग की टीम ने देहात क्षेत्रों के 50 से ज्यादा पंपों का निरीक्षण किया था। किसानों ज्यादा डीजल उपलब्ध हो इसके लिए हिदायत भी दी गई थी। इस व्यवस्था से जिले के दूर-दराज क्षेत्रों के किसानों को फायदा मिलेगा।
जिले में डीजल की स्थिति अब सामान्य हो गई है। किसानों को समय पर डीजल उपलब्ध कराने के लिए सभी पंप संचालकों को निर्देश दिए गए हैं। जिन किसानों के पास खतौनी होगी और उन्हें खेती के लिए अधिक डीजल की आवश्यकता होगी, उन्हें पर्याप्त मात्रा में डीजल दिया जाएगा। इस व्यवस्था से किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
- रामेंद्र प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी