गोरखपुर। जनपद के दुधारू पशुओं को खुरपका-मुंहपका बीमारी से बचाने के लिए 22 जुलाई से आठ सितंबर तक विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए सभी 20 विकास खंडों में कुल 40 टीमें गठित की गई हैं। घर-घर जाकर टीकाकरण किया जाएगा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेन्द्र पांडेय ने बताया कि राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत प्रत्येक छह माह पर पशुओं का निशुल्क टीकाकरण किया जाता है। इसमें चार माह से छोटे व आठ माह से ज्यादा गर्भित पशुओं को छोड़कर सभी गोवंशीय व महिषवंशीय पशुओं का टीकाकरण किया जाता है। टीमों की ओर से पशुओं के कान में ईयर-टैग लगाया जाएगा। जिन पशुओं के कान में लगे टैग गिर गए हों, उन्हें रिटैंगिग करानी होगी।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत पशुपालकों के द्वार पर पहुंचकर 3.84 लाख गोवंशीय महिषवंषीय का निशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए जनपद मुख्यालय पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। हेल्पलाइन नंबर 8736058038 पर इससे संबंधित कोई भी जानकारी या शिकायत दर्ज करा सकते हैं।