गोरखपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) के पहले दिन रविवार को जिले के 52 केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। दोनों पालियों में कुल 46,416 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी, लेकिन 34,516 ही परीक्षा में शामिल हुए। कुल 11,900 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इस तरह दोनों पालियों में कुल उपस्थिति 74.36 प्रतिशत रही।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक हुई। इसमें 23,208 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। इनमें से 17,203 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 6,005 अनुपस्थित रहे। पहली पाली में 74.12 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक हुई। इस पाली में भी 23,208 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। इनमें से 17,313 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 5,895 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उपस्थिति 74.60 प्रतिशत रही।