गोरखपुर जिले में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शुक्रवार को 33 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। संक्रमितों में रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर के तीन वैज्ञानिक और 11 कर्मी शामिल हैं। इसके बाद से जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 93 हो पहुंच गई है। हालांकि, इन सबके बीच राहत की बात यह है कि अब तक किसी मरीज को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी है। सभी मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है।
कोरोना जांच के नोडल अधिकारी डॉ. एके सिंह ने बताया कि जेल का बंदी और जिला अस्पताल का एक स्वास्थ्य कर्मी भी संक्रमित मिला है। इसके अलावा जंगल अयोध्या प्रसाद के दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
इसे भी पढ़ें: जब महराज जी के लगाए पौधे सूख गए, बाकी को कौन पूछे
वहीं, संक्रमितों में 16 और 14 वर्ष के किशोर भी शामिल हैं। इन्हें सर्दी-जुकाम और बुखार की शिकायत थी। जिला अस्पताल में हुई जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई है। बताया कि जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है।
अब तक किसी भी मरीज में गंभीर लक्षण नहीं मिले हैं। सभी का इलाज घर पर ही चल रहा है। बताया कि पहली लहर से अब तक 68,585 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 67,623 लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। 866 की मौत हो चुकी है।