गोरखपुर कोतवाली इलाके के मियां बाजार में तेल-मसाला की दुकान की आड़ में पटाखा का अवैध कारोबार पकड़ा गया। शुक्रवार को पुलिस ने छापा मारा तो वहां से भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए।
विक्रेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।
आरोपी की पहचान राजघाट इलाके के मिर्जापुर निवासी कन्हैया लाल के रूप में हुई है। एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि पुलिस अवैध पटाखों के खिलाफ प्रशासनिक टीम के साथ कार्रवाई कर रही है।
इसी बीच कोतवाली इंस्पेक्टर जयदीप वर्मा, उप निरीक्षक राम सिंह को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि मियां बाजार में भोला की दुकान पर अवैध पटाखा का भंडारण किया गया है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। जांच में वहां पर 33 कार्टून पटाखा और तीन बोरी में विस्फोटक सामग्री बरामद हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की है।