गोरखपुर। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क तैयारी के लिए 26 जुलाई को दिग्विजयनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई थी। प्रवेश परीक्षा में 320 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया है। चयनित छात्र-छात्राओं को अब योजना के तहत नीट, जेईई और एक दिवसीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग दी जाएगी।
अभ्युदय योजना के तहत निशुल्क कोचिंग के लिए करीब 780 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया था। 26 जुलाई को आयोजित प्रवेश परीक्षा में 403 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इनमें से 320 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया है। चयनित छात्र-छात्राओं की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कक्षाएं जल्द शुरू की जाएंगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि चयनित छात्र-छात्राओं के लिए निशुल्क कोचिंग दो से तीन दिन में शुरू कर दी जाएगी। योजना के तहत विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर मार्गदर्शन और शिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।