गोरखपुर। पुलिस की जन चौपाल की पहल से रामगढ़ गांव में करीब 30 वर्षों से चले आ रहे रास्ते और नाले के विवाद का समाधान हो गया। रामगढ़ताल थाना पुलिस और राजस्व टीम की मध्यस्थता से दोनों पक्षों में सहमति बनने के बाद रविवार को ग्रामीणों ने बैकहो लोडर से रास्ते और नाले का निर्माण शुरू करा दिया। निर्माण पूरा होने के बाद गांव में जलभराव की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
सिकरीगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली में पुराने विवाद में हत्या की घटना के बाद एसएसपी के निर्देश पर जिले में जन चौपाल अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रही हैं। रविवार को सीओ कैंट कीर्ति निधि आनंद, प्रभारी निरीक्षक श्यामानंद राय समेत पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने रामगढ़ गांव में चौपाल लगाई। ग्रामीणों और संभ्रांत लोगों से बातचीत के दौरान करीब तीन दशक पुराने रास्ते और नाले के विवाद की जानकारी मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए चिड़ियाघर चौकी प्रभारी मनोज कुमार और बीट आरक्षी गौरव मिश्रा ने राजस्व टीम के साथ दोनों पक्षों से बातचीत की। पुलिस और राजस्व टीम ने दोनों पक्षों को समझाया। इसके बाद दोनों पक्ष विवाद समाप्त कर रास्ते और नाले का निर्माण कराने पर सहमत हो गए। सहमति बनने के बाद ग्रामीणों ने मौके पर बैकहो लोडर बुलाकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि जन चौपाल में ग्रामीणों ने रास्ते और नाले के विवाद की जानकारी दी थी। पुलिस ने दोनों पक्षों से वार्ता कर सहमति बनाई। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो गया है।