जंगल कौड़िया। गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर स्थित जंगल कौड़िया टोल प्लाजा पर स्थानीय वाहन चालकों को अब टोल टैक्स से छूट नहीं मिलेगी। एक सितंबर से उन्हें भी टोल टैक्स चुकाना होगा। इसे लेकर दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
टोल प्लाजा प्रबंधन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, एक सितंबर से स्थानीय लोगों के निजी वाहनों से भी निर्धारित नियमों के तहत टोल टैक्स वसूला जाएगा। वहां चस्पा नोटिस के मुताबिक, सभी चार पहिया और बड़े वाहन चालकों को टोल टैक्स चुकाना अनिवार्य होगा। हालांकि 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय वाहन स्वामियों के लिए 315 रुपये में मासिक पास की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
बता दें कि 23 अगस्त तक स्थानीय लोग पहचान पत्र दिखाने पर टोल टैक्स से मुक्त थे। 24 अगस्त से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने टोल प्लाजा का संचालन नई कंपनी को सौंप दिया है। नई कंपनी ने नोटिस लगाकर साफ कर दिया है कि एक सितंबर से सभी वाहनों से टोल वसूली शुरू हो जाएगी।
इस फैसले से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। पारस ध्वज सिंह, बबलू सिंह, उपेंद्र यादव और अखिलेश्वर नाथ त्रिपाठी आदि लोगों का कहना है कि जिस हाईवे पर टोल वसूला जा रहा है, उसका निर्माण कार्य अभी अधूरा है। अधूरी सड़क पर स्थानीय लोगों से टोल लेना उचित नहीं है। जब सड़क दो लेन की थी, तब भी स्थानीय वाहनों से टोल नहीं वसूला जाता था।
इस मामले में टोल प्लाजा मैनेजर अमित राज सिंह ने बताया कि अब स्थानीय लोगों को मासिक पास बनवाना होगा। ऐसा नहीं करने पर उन्हें फास्टैग लगवाना होगा।