गोरखपुर में कोरोना संक्रमण के मामले अब कम होते जा रहे हैं। सोमवार को कोरोना के केवल 30 नए मरीज मिले हैं। राहत की बात यह है कि किसी संक्रमित मरीज की मौत नहीं हुई है। संक्रमितों में एमबीबीएस के दो छात्र, दो बालक और एक किशोरी शामिल हैं। वहीं, 44 लोगों ने कोरोना को मात दी है। इसके बाद से सक्रिय मरीजों की संख्या 639 हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, एम्स में एमबीबीएस के दो छात्र, कौड़ीराम पांडेय की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी, कौड़ीराम में छह साल का बच्चा, बड़हलगंज में 10 साल का बच्चा संक्रमित मिला है। इनके अलावा जिला कारागार में एक, रेलवे स्टेशन पर एक यात्री, तिवारीपुर में एक ही परिवार के दो लोग, रामजानकी नगर में एक ही परिवार के दो लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।
सीएमओ डॉ आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि पहली लहर से लेकर अब तक 66,334 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 64,838 लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। 857 की मौत हो चुकी है। उन्होंने लोगों से कोरोना का टीका लगवाने की अपील की है।
22 हजार से अधिक को लगा कोरोनारोधी टीका
गोरखपुर जिले में कोरोना टीकाकरण के लिए सोमवार को 300 से अधिक बूथ बनाए गए थे। इन बूथों पर 22 हजार से अधिक को कोरोना का टीका लगाया गया। इनमें पहली डोज के लिए छह हजार से अधिक और दूसरी डोज के लिए 13 हजार से अधिक लोग बूथों पर पहुंचे थे।
इसी क्रम में, स्वास्थ्य विभाग ने सहारा स्टेट आवासीय कल्याणकारी समिति के साथ टीकाकरण के लिए बूथ बनाए थे। इसमें 103 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इस दौरान समिति के अध्यक्ष डॉ एपी त्रिपाठी, संजोग सिंह, शंभू नाथ राय, त्रिभुवन सिंह, एसबी सिंह, मानवी मिश्रा, स्वास्थ विभाग की डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, पुष्पा गुप्ता, विनय कुमार, अर्चना शर्मा आदि मौजूद रहे।