प्रवेश परीक्षा के लिए गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर में बने 60 केंद्र
गोरखपुर जिले में 30 केंद्रों पर 14690 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा नौ जून को गोरखपुर, देवरिया और कुशीनगर जिले में 60 केंद्रों पर दो पालियों में होगी। इसमें कुल 28,780 अभ्यर्थी शामिल होंगे। गोरखपुर जिले में 30 केंद्रों पर 14690 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसको लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
गोरखपुर जिले के 30 केंद्रों के केंद्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षकों की तैयारी बैठक शुक्रवार को गोरखपुर विश्वविद्यालय के संवाद भवन में हुई। इसमें परीक्षा के नोडल समन्वयक प्रो. उदय सिंह ने बताया कि परीक्षा को शुचितापूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन के सहयोग से सभी जरूरी प्रबंध किए गए हैं। गोरखपुर के 30 परीक्षा केंद्रों पर कुल 14690 अभ्यर्थी, कुशीनगर के 15 परीक्षा केंद्रों पर 7177 अभ्यर्थी और देवरिया के 15 परीक्षा केंद्रों पर 6913 अभ्यर्थी शामिल होगें। परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए सभी केंद्राें पर वेबकास्टिंग के प्रबंध किए गए है, जिसकी निगरानी आयोजक बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी की ओर से की जाएगी।
प्रो. उदय ने कहा कि सभी अभ्यर्थी अविलंब अपना प्रवेशपत्र डाउनलोड कर लें। परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली सुबह नौ बजे से 12 बजे और दूसरी पाली दोपहर दो से पांच बजे तक होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा समय से एक घंटा पहले केंद्र पर उपस्थित होना अनिवार्य है।
बैठक में कुलसचिव प्रो. शांतनु रस्तोगी, जिला प्रशासन के प्रतिनिधि, गोरखपुर जिले के केंद्राध्यक्ष, केंद्र प्रतिनिधियों के अलावा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।