गोरखपुर जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। करीब चार महीने बाद बृहस्पतिवार को कोरोना के 27 नए मरीज मिले हैं। संक्रमितों में एम्स व बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एक-एक डॉक्टर भी शामिल हैं। जिले में सक्रिय रोगियों की संख्या बढ़कर 89 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 17 फरवरी के बाद 24 घंटे में 27 कोरोना संक्रमित मिले हैं। बांसगांव के एक ही परिवार के दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एम्स के एक छात्र व पुलिस लाइंस के एक सिपाही में भी संक्रमण मिला है।
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि जिले में पहली लहर से लेकर अब तक 66991 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 66026 लोगों ने कोरोना को मात दे दी। 866 की मौत हो चुकी है। सीएमओ ने कोरोना प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने की अपील की है। दो गज की दूरी का पालन करने के साथ ही मास्क जरूर पहनने की सलाह दी है।
8689 लोगों को लगा कोरोनारोधी टीका
टीकाकरण अभियान के तहत बृहस्पतिवार को 129 बूथों पर 8689 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। बूथों पर बहुत कम संख्या में लोग पहुंचे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एएन प्रसाद ने बताया कि वैक्सीन की कमी नहीं है। लोग बूथों पर आएं, सभी को टीका लगाया जाएगा।