गोरखपुर। अगस्त के पहले हफ्ते में शहर में प्रदेश स्तरीय सिख सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें लगभग 250 प्रतिनिधियों के जुटने की संभावना है। सभी गुरुद्वारा प्रबंध समितियों और सिख समाज को एक सूत्र में जोड़ने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की ओर से यह आयोजन किया जा रहा है।
आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को जटाशंकर गुरुद्वारा में बैठक हुई। इसमें आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्था और विभिन्न समितियों की जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। उत्तर प्रदेश पंजाबी अकादमी के सदस्य जगनैन सिंह नीटू ने कहा कि पहली बार जिले में प्रदेशभर से सिख एवं पंजाबी समाज के प्रतिनिधि एक मंच पर एकत्रित होंगे। यह आयोजन दो अगस्त को प्रस्तावित है। अंतिम तिथि जल्द घोषित की जाएगी। प्रदेश सरकार के कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलक व राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हरजीत सिंह ग्रेवाल में से कोई एक मुख्य अतिथि होंगे।
बैठक की अध्यक्षता गुरुद्वारा जटाशंकर के अध्यक्ष जसपाल सिंह ने की। हरप्रीत सिंह साहनी ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कुलदीप सिंह नीलू, रसपाल सिंह, रजिंदर सिंह, मनप्रीत सिंह उप्पल, अशोक मल्होत्रा, जसबीर सिंह, अरविंदर सिंह, दिलजीत कौर, जगमीत सिंह सोनू, सतपाल सिंह कोहली, गगन सहगल सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।