पिपराइच (गोरखपुर)। कुशीनगर के अहिरौली थाना क्षेत्र में रविवार सुबह नवविवाहिता मुस्कान (20) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पिपराइच में मायके पक्ष और ग्रामीणों ने सीएचसी से लेकर थाने तक हंगामा किया। परिजन ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने पिपराइच सीएचसी लाए गए शव को अहिरौली थाना पुलिस को सौंप दिया।
नगर पंचायत पिपराइच के वार्ड नंबर एक निवासी धर्मदेव प्रसाद की बेटी मुस्कान की शादी 10 मई 2026 को अहिरौली के खुरहुरिया गांव निवासी जितेंद्र से हुई थी। रविवार सुबह करीब आठ बजे ससुराल पक्ष ने फंदे से लटककर आत्महत्या की सूचना दी। इसके बाद ससुराल पक्ष शव छोड़कर भाग निकला। सूचना पर मायके वाले ग्रामीणों के साथ सीएचसी पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए शव को लेकर थाना परिसर और सड़क पर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस के समझाने पर मामला शांत हुआ।
मृतका की मां मीरा देवी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से लगातार दहेज की मांग को लेकर बेटी को प्रताड़ित किया जा रहा था। शनिवार को मारपीट की सूचना पर पंचायत हुई थी, जिसमें दोबारा विवाद न करने का आश्वासन दिया गया था। रविवार सुबह बेटी ने फिर फोन कर मारपीट की जानकारी दी। इसके कुछ देर बाद उसकी मौत की सूचना मिली। मां ने सास, देवर और पति पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया।
बोले अधिकारी
शव को अग्रिम कार्रवाई के लिए अहिरौली थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई अहिरौली पुलिस करेगी।
- कुंदन सिंह, सीओ चौरीचौरा