- कुल 238 करोड़ रुपये का होगा निवेश, करीब 1800 लोगों को मिलेगा रोजगार
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। धार्मिक साहित्य के सबसे बड़े प्रकाशन संस्थानों में से एक गीता प्रेस अब शहर के औद्योगिक क्षेत्र में विस्तार की शुरुआत करेगा। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) ने मंगलवार को आयोजित साक्षात्कार में सेक्टर 27 में गीता प्रेस को 10 एकड़ भूमि आवंटित कर दी। संस्था यहां 81 करोड़ रुपये का निवेश करेगा, जिससे लगभग 300 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। वहीं, गीता प्रेस के अलावा गीडा ने मंगलवार को कुल 39 निवेशकों को 22 एकड़ जमीन का आवंटन किया।
पिछले 100 वर्षों से हिंदी बाजार में धार्मिक पुस्तकों का प्रकाशन कर रहा गीता प्रेस अब आधुनिक उत्पादन आवश्यकताओं को देखते हुए बड़े परिसर की जरूरत महसूस कर रहा था। गीडा ने इस मांग को प्राथमिकता देते हुए भूमि आवंटन प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया। संभावना है कि 29 नवंबर को होने वाले गीडा स्थापना दिवस समारोह में गीता प्रेस को औपचारिक रूप से आवंटन पत्र भी सौंप दिया जाएगा।
गीता प्रेस के अलावा गीडा ने मंगलवार को कुल 39 निवेशकों को 22 एकड़ जमीन का आवंटन किया है। इन निवेशों की कुल राशि 238 करोड़ रुपये है। इनमें से 38 अन्य निवेशकों की ओर से 160 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए हैं, जिनसे 1500 से अधिक रोजगार सृजित होंगे। गीडा प्रबंधन का कहना है कि यह आवंटन गोरखपुर को निवेश और औद्योगिक विकास के लिए तेजी से उभरता हब साबित करेगा।
गीडा के एसीईओ राम प्रकाश ने बताया कि साक्षात्कार के बाद गीता प्रेस समेत 39 निवेशकों को भूखंड आवंटित कर दिया गया है। गीता प्रेस को सेक्टर 27 में 10 एकड़ जमीन दी गई है। गीडा स्थापना दिवस को लेकर तैयारियां तेज हैं और इस बार भव्य आयोजन किया जाएगा।