निजी अस्पताल में दो प्रसूताओं की मौत, शव को लेकर कोतवाली में प्रदर्शन
-सलेमपुर के एक निजी अस्पताल में रविवार को आपरेशन से कराया गया था प्रसव
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर (देवरिया)। नगर के एक निजी अस्पताल में रविवार को दो गर्भवतियों के ऑपरेशन से प्रसव कराने के बाद सोमवार को हालत बिगड़ गई। दोनों प्रसूताओं की गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दोपहर में मौत हो गई। शाम को परिजनों ने शव को सलेमपुर कोतवाली गेट पर रखकर हंगामा कर दिया। देर शाम को पुलिस ने तहरीर लेते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया, इसके बाद मामला शांत हुआ। दोनों के बच्चे सकुशल हैं।
मईल थाना क्षेत्र के करौता गांव निवासी सर्वजीत उर्फ राणा की पत्नी रिंकू देवी (24) और लार थाना क्षेत्र के धकपुरा गांव निवासी छोटू की पत्नी संध्या (25) को प्रसव पीड़ा होने पर रविवार को परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर पहुंचाया, जहां से डॉक्टर ने रेफर कर दिया। आरोप है कि एक आशा कार्यकर्ता ने नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां ऑपरेशन के दौरान करीब 10 बजे रात में रिंकू को लड़का पैदा हुआ। वहीं संध्या देवी को आपरेशन से लड़की पैदा हुई।
सोमवार की सुबह दोनों की अचानक तबियत बिगड़ी तो अस्पताल के कर्मचारियों ने उन्हें अपने वाहन से गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में पहुंचा दिया, जहां इलाज के दौरान दोनों प्रसूताओं की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने गुमराह कर अस्पताल में भर्ती रखा, जब हालत खराब हुई तो गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया। कोतवाल कपिल देव चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्यवाही की जा रही है। उधर सीएमओ डॉ. राजेश झा ने कहा कि अस्पताल पंजीकृत है। मंगलवार को टीम भेज कर जांच कराई जाएगी।