गुलरिहा। सराय गुलरिहा निवासी रामप्रवेश गुप्ता का ट्रेन में मोबाइल चोरी होने के बाद जालसाजों ने चार दिन में बैंक खाते से 1.90 लाख रुपये निकाल लिए। रविवार को वैष्णो देवी से लौटने के बाद दूसरा सिम लेकर बैंक पहुंचे तो खाते से रकम गायब मिलने पर उन्हें मामले की जानकारी हुई। उन्होंने बृहस्पतिवार को गुलरिहा पुलिस और साइबर टीम से शिकायत की।
रामप्रवेश 18 सितंबर को साथियों के साथ ट्रेन से वैष्णो देवी जा रहे थे। 19 सितंबर को लुधियाना में मोबाइल चोरी हो गया। अमृतसर पहुंचकर उन्होंने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई और नंबर बंद कराने का प्रयास किया, लेकिन सिम बंद नहीं हो सका। रविवार को घर लौटकर दूसरा सिम लेने के बाद बैंक स्टेटमेंट देखा तो चार दिनों में पांच-पांच और दो-दो हजार रुपये करके 1.90 लाख रुपये निकाले जाने की जानकारी हुई। खाते में करीब छह लाख रुपये थे। प्रभारी निरीक्षक जेपी पाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।