गोरखपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारियों के बीच जिले के 137 माध्यमिक विद्यालयों ने अब तक विद्यार्थियों की नामावली और जरूरी अभिलेख जमा नहीं किए हैं। इसे देखते हुए विभाग ने विद्यालयों को दो दिन का अतिरिक्त समय दिया है। अब नामावली जमा करने की अंतिम तिथि 22 अक्तूबर निर्धारित की गई है। इसके बाद भी प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले विद्यालयों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिले में कुल 503 इंटर कॉलेज हैं। इनमें से छात्र संख्या के आधार पर प्रतिवर्ष 198 से 205 विद्यालयों को यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्र बनाया जाता है। परीक्षा की तैयारियों के तहत सभी विद्यालयों को विद्यार्थियों का विवरण निर्धारित समय में जमा करना अनिवार्य है। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा नौ और 11 के अग्रिम पंजीकरण तथा कक्षा 10 और 12 के परीक्षा आवेदन से संबंधित अभिलेख जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्तूबर तय की गई थी।
इसके तहत विद्यालयों को विद्यार्थियों की फोटोयुक्त नामावली, घोषणा पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करने थे। निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद 137 विद्यालयों ने अभिलेख जमा नहीं किए हैं। विभाग ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को 22 अक्तूबर तक सभी औपचारिकताएं पूरी करने का निर्देश दिया है। निर्धारित तिथि के बाद भी लापरवाही बरतने वाले विद्यालयों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कोट
विद्यालयों को नामावली और जरूरी अभिलेख जमा करने के लिए 22 अक्तूबर तक का समय दिया गया है। इसके बाद भी प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले विद्यालयों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी
-अजीत कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक