कोरोना संक्रमण की जांच में सोमवार को 13 संक्रमित मरीज मिले हैं। इसमें एक डॉक्टर, एम्स के दो एमबीबीएस छात्र और रेलवे अस्पताल की दो महिला कर्मचारी शामिल हैं। इन सबके बीच 10 लोगों ने कोरोना को मात दी है।
अब जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या 114 हो गई है। राहत की बात यह है कि एक भी मरीज को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी है। जानकारी के मुताबिक, संक्रमितों में बीआरडी मेडिकल कॉलेज की एक महिला डॉक्टर, एम्स की एक महिला कर्मचारी, एक छात्रा और छात्र, रेलवे की दो महिला कर्मचारी शामिल हैं। इनके अलावा जेमिनी पैराडाइज का एक 11 वर्षीय बालक और बांसगांव का 16 वर्षीय किशोर भी संक्रमित मिला है।
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि जिले में पहली लहर से लेकर अब तक 67,176 लोग संक्रमित मिल चुके हैं। 66,186 लोगों ने कोरोना को मात दे दी है। 866 की मौत हो चुकी है। उन्होंने बचाव की अपील की है।
4823 लोगों को लगाया गया कोरोनारोधी टीका
कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत सोमवार को 124 बूथ बनाए गए थे। इन बूथों पर 4823 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। बूथों पर बहुत कम संख्या में लोग पहुंचेे। सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दूबे ने बताया कि वैक्सीन की कमी नहीं है, लोग बूथों पर आएं, सभी को टीका लगाया जाएगा।