गोरखपुर। महानगर की बिजली व्यवस्था को अधिक मजबूत और निर्बाध बनाने के लिए बिजली निगम ने बिजनेस प्लान 2027-28 के तहत 122.37 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है।
योजना में शाहपुर में नए उपकेंद्र की स्थापना के साथ ही शहरभर में 430 बिजली सुधार कार्य कराए जाएंगे। बजट स्वीकृत होते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
प्रस्ताव के अनुसार, शाहपुर उपकेंद्र पर वर्तमान में 10-10 एमवीए क्षमता के तीन पावर ट्रांसफार्मर संचालित हैं, जिन पर 80 प्रतिशत से अधिक लोड है। बढ़ते विद्युत भार को देखते हुए यहां नए उपकेंद्र का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा, यूनिवर्सिटी उपकेंद्र के लिए 33 केवी की अतिरिक्त लाइन, सर्किट हाउस उपकेंद्र के लिए मोहद्दीपुर पारेषण उपकेंद्र से नई लाइन और सहारा एस्टेट उपकेंद्र को रिंग मेन से जोड़ने के साथ अतिरिक्त लाइन का निर्माण भी किया जाएगा। सर्किट हाउस, यूनिवर्सिटी और खोराबार उपकेंद्रों की क्षमता भी बढ़ाई जाएगी।
योजना में 56 फीडरों को सुदृढ़ करने, जर्जर तार बदलने, ट्रांसफार्मरों की प्लिंथ और फेंसिंग बनाने, पुराने पैनल बदलने और सुरक्षा उपकरण स्थापित करने का भी प्रावधान है। वहीं, शहर में 183 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे, जिन पर 31.41 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे शहर की बिजली व्यवस्था में सुधार होगा।