गोरखपुर के परिषदीय विद्यालयों से बिना किसी सूचना दिए गायब रहने वाले 12 शिक्षक बर्खास्त होंगे। कई बार नोटिस दिए जाने के बाद भी शिक्षकों की ओर से विभाग को कोई सूचना देने में दिलचस्पी नहीं ली गई है। अब विभाग ने इनके खिलाफ कार्रवाई का मन बना लिया है। अगले सप्ताह तक इनके बर्खास्त किए जाने की तैयारी है।
परिषदीय विद्यालयों के औचक निरीक्षण के दौरान कई विद्यालयों पर तैनात शिक्षकों के तैनाती के बाद से अनुपस्थित रहने की सूचना अधिकारियों को मिली थी। इसके बाद से विभाग ने ऐसे शिक्षकों की सूची तैयार करने का काम खंड शिक्षा अधिकारियों को सौंपा गया। इनकी रिपोर्ट के आधार पर शिक्षकों को चिन्हित कर विभाग ने कई दफा स्पष्टीकरण मांगा पर कोई भी शिक्षक सामने नहीं आया।
विभाग की ओर से तैयार की गई शिक्षकों की सूची में प्रावि बलुघट्टा ब्रह्मपुर की सीमा गौतम, प्रावि पिछौरा गगहा के अजय कुमार, प्रावि उज्जीखोर सहजनवां की फरहा नाज, प्रावि महुआपार बड़हलगंज की रंजना यादव, पूमावि गंगा पिपरा खजनी की शिक्षिका प्रियंका दूबे, प्रावि पंगार खजनी की अर्चना कुमारी, प्रावि बरइपुर पिपराइच की स्निगता त्रिपाठी, भटहट ब्लाक के पूमावि भगवानपुर की आदर्शी देवी, प्रावि जुमुनिया की गरिमा सिन्हा, प्रावि ठाकुरपुर नं.दो की महक चहल तथा प्रावि अतरौलिया की अर्चना सिंह तथा प्रावि जंगल कौड़िया प्रथम की शिक्षिका प्रतिभा पांडेय शामिल हैं।
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी बीएन सिंह ने बताया कि अलग अलग विकासखंड में तैनात 12 शिक्षक बिना किसी सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित चल रहे हैं। अब विभाग द्वारा इनके विरुद्ध सेवा समाप्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।