कूटरचित प्रमाणपत्रों के आधार पर नौकरी कर रहे 11 और शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया गया है। सत्यापन के बाद मामला आने पर बीएसए ने कार्रवाई की। बीते डेढ़ वर्षों में जनपद में सेवामुक्त हुए शिक्षकों की संख्या 101 पहुंच चुकी है। बर्खास्त शिक्षकों में सर्वाधिक संख्या देवरिया जिले के कुंइचवर गांव की है।
वर्ष 2015-16 में पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में गणित व विज्ञान विषय में प्रदेश स्तरीय 29,324 भर्ती शिक्षकों में से जिले में तैनात किए गए शिक्षकों के प्रमाणपत्रों की जांच कराई गई। जांच में कूटरचित प्रमाणपत्र के आधार पर तैनाती पाए 11 शिक्षकों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. सूर्यकांत त्रिपाठी ने बर्खास्त करने की कार्रवाई की है। सेवामुक्त किए गए सहायक अध्यापकों में डुमरियागंज ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बघाड़ी में तैनात बृज किशोर यादव निवासी कुंइचवर देवरिया, भनवापुर ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय अहिरौली के जीवन कुमार निवासी बिछिया जंगल गोरखपुर, भनवापुर ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय सरोथर कठौतिया के सहायक अध्यापक अश्वनी कुमार श्रीवास्तव निवासी परसिया उर्फ खरजरवा देवरिया, शोहरतगढ़ ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय पकड़िहवा के अबरार अहमद निवासी बगही देवरिया, जोगिया ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय पकड़ी लाला की नीता निवासी कुंइचवर देवरिया, लोटन ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय के राजेश कुमार गुप्ता निवासी पनिचा बलिया, भनवापुर ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय अमौली के रितेश सिंह निवासी पनिचा बलिया, बढ़नी ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय मानपुर की निवेदिता निवासी कुंइचवर देवरिया, नौगढ़ ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय रामगढ़ के संम्पित यादव निवासी खेजुरी बलिया, बर्डपुर ब्लॉक के पूर्व माध्यमिक विद्यालय भरवलिया के धर्मेन्द्र यादव निवासी उपाध्यायचक बलिया और विवेकानंद, पूर्व माध्यमिक विद्यालय पकड़ी लाला जोगिया निवासी बनारस शामिल हैं। इनमें सर्वाधिक देवरिया जिले कुंइचवर गांव के रहने वाले हैं। बीते डेढ़ वर्षों में जिले के 101 शिक्षक बर्खास्त किए जा चुके हैं।