सहजनवां। गीडा थाना क्षेत्र के हरदिया गांव में एक युवक को स्कॉर्पियो गाड़ी दिलाने के नाम पर गांव के ही तीन लोगों ने 10 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हरदिया निवासी शौर्य निधि मिश्र ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके ही गांव का एक युवक गाड़ियों की खरीद-फरोख्त का काम करता है। उससे स्कॉर्पियो गाड़ी खरीदने की बात हुई। आरोपी ने उन्हें एक स्कॉर्पियो गाड़ी और उसके कागजात दिखाए और सौदा तय हो गया। भरोसा जताते हुए शौर्य निधि ने आरोपी के बैंक खाते में 10.33 लाख रुपये ट्रांसफर किए, साथ ही तीन लाख रुपये नकद दिए। कुछ दिन बाद जब उन्होंने गाड़ी और रजिस्ट्रेशन पेपर मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा। शक होने पर जब उन्होंने दस्तावेजों की जांच कराई तो वे फर्जी निकले। तब जाकर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इस मामले में पुलिस ने हरदिया निवासी आदित्य कुमार मिश्र, अनिल मिश्र और ऋषिकेश के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी अश्वनी पांडेय ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।