- 10 बसें पहले से चल रही हैं, नई बसों को मिलाकर गोरखपुर में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 20 हो जाएगी
गोरखपुर। उप्र राज्य परिवहन निगम गोरखपुर से विभिन्न रूटों पर एक सप्ताह के भीतर 10 और इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू करेगा। 10 बसें पहले से ही चल रहीं हैं। नई बसों को मिलाकर गोरखपुर से विभिन्न स्थानों को चलने वाली इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 20 हो जाएगी। राप्तीनगर में अब इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन भी लगभग तैयार है, जिससे अब इलेक्ट्रिक बसों का संचालन निर्बाध हो सकेगा।
10 इलेक्ट्रिक बसें वाराणसी, अयोध्या, सोनौली, तमकुही, पडरौना और सलेमपुर के लिए चलाई जा रही हैं। इसमें अयोध्या के लिए दो बस, वाराणसी के लिए दो बस, तमकुही के लिए दो, पडरौना एक, सलेमपुर एक, सोनौली एक व एक बस स्पेयर में किसी भी रूट पर चलती है। अब 10 नई बसें चलने के बाद सभी रूटों पर चल रही बसें दोगुनी हो जाएंगी, इससे यात्रियों को एसी बसों में यात्रा करने में सुविधा मिलेगी। बताया जा रहा है कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा और पेट्रोल व डीजल की भी बचत होगी। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक लव कुमार सिंह ने बताया कि राप्तीनगर में चार्जिंग स्टेशन लगभग तैयार हो गया है। कुछ प्रक्रिया बाकी है जिसे पूरा करते ही 10 और बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।