तपती गर्मी में हर कोई ढीले और आरामदायक कपड़े पहनना चाहता है। आमतौर पर गर्मी के मौसम में लड़कियां चाहती हैं कि वे ऐसा आउटफिट पहनें, जिसमें फैशन भी हो और उसमें ठंडक भी महसूस हो। ऐसे में आपको उन रंगों और फैब्रिक के बारे में पता होना चाहिए, जो आपको गर्मी में ठंडक महसूस कराएं। तेज धूप और लू से बचने के लिए आप कई तरीके अपनाती हैं, लेकिन गर्मी को मात देने की कोशिशों में आप चाहकर भी स्टाइलिश नहीं दिख पातीं। इस मौसम में फैशन को मेंटेन करना भी मुश्किल काम होता है, मगर आप अपने आउटफिट के रंग और फैब्रिक को ध्यान में रखकर न सिर्फ गर्मी को हरा सकती हैं, बल्कि कूल और आकर्षक लुक भी पा सकती हैं।
इस मौसम में बढ़ते तापमान के कारण हल्के-फुल्के कपड़े पहनना ज्यादा पसंद किया जाता है। कुछ महिलाएं इस सीजन में सिर्फ सूती कपड़े पहनती हैं, क्योंकि उन्हें दूसरे फैब्रिक समझ नहीं आते लेकिन आप कॉटन के अलावा भी कई फैब्रिक के आउटफिट पहन सकती हैं। वैसे तो इस मौसम में हल्के और पेस्टल रंग के आउटफिट ज्यादा पहने जाते हैं, मगर आपको आउटफिट का चुनाव करते समय स्टाइल, ट्रेंड, रंग और कपड़े की क्वालिटी पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।
इस बार मिनिमल लुक
इस बार गर्मियों में मिनिमल लुक फैशन में रहेगा। मिनिमल फैशन लुक कम से कम मेकअप, शालीनता से पहने गए कपड़े, हल्के रंग और आपकी सादगी को प्रेरित करता है। इसलिए हैवी एंब्रॉयडरी या डार्क कलर के आउटफिट पहनने के बजाय आप हल्के रंग के लाइट वेट आउटफिट का चयन करें।
कॉलेज में स्टाइल
आप कॉलेज में फ्लोरल लॉन्ग ड्रेस या जंप सूट कैरी कर सकती हैं। ये बहुत ही आरामदायक होते हैं और हर बॉडी टाइप पर सूट करते हैं। आप लिनन की पैंट के साथ शॉर्ट टॉप पेयर कर सकती हैं। ये आपको स्टाइलिश दिखाते हैं।
आप घर में स्लीव लेस और हाफ स्लीव कपड़ों को प्राथमिकता दें, लेकिन घर से बाहर निकलते या कॉलेज जाते समय फुल स्लीव वाले कपड़े या श्रग पहनें। इससे आप धूप एवं लू से सुरक्षित रहेंगी और तेज धूप से होने वाली टैनिंग से भी बची रहेंगी। आप डंगरी या फ्रॉक ड्रेस भी पहन सकती हैं। इंडियन आउटफिट पहनना है तो आपके लिए शरारा सूट एक अच्छा विकल्प रहेगा।
लेयरिंग का कमाल
आप लेयरिंग को अपना स्टाइल स्टेटमेंट बना सकती हैं। रोजाना कुर्ता, टॉप, टी-शर्ट, शर्ट, जीन्स, प्लाजो अथवा स्कर्ट आदि के साथ आप स्कार्फ, कॉटन जैकेट पहनकर सबसे अलग और स्टाइलिश दिख सकती हैं। आप लेयरिंग के लिए कंट्रास्ट रंगों का चयन करें। इसे आप कॉलेज या ऑफिस, दोनों जगहों पर पहन सकती हैं।
पेस्टल रंग और पैटर्न
आप अपने आउटफिट के लिए लेमन, मून लाइट पिंक, पीच, स्काई ब्लू, केसरिया, यलो, ऑरेंज, लैंवेंडर, आसमानी, लाइट या पेस्टल ग्रीन रंग का चुनाव कर सकती हैं। इस रंग के आउटफिट गर्मियों में बहुत ही सुंदर लगते हैं, खासकर अगर आपको सूट या फिर कुर्ती पहनना पसंद है। पेस्टल रंग आपको सिंपल लुक देते हैं। आपको लैवेंडर और ब्लू रंग के कई शेड भी मिल जाएंगे। ये आपको काफी क्लासी और एलीगेंट लुक देते हैं।
आप अपने वॉर्डरोब में सफेद रंग के आउटफिट जरूर रखें। यह रंग आंखों को चुभता नहीं है और गर्मी से भी बचाता है। आप सफेद रंग की शॉर्ट ड्रेस, मैक्सी ड्रेस, लखनवी अनारकली सूट, साड़ी, शर्ट, स्कर्ट, ट्राउजर आदि भी ट्राई कर सकती हैं। प्रिंट का चुनाव करते समय आप चेक्स, स्ट्राइप्स, ज्योमैट्रिक प्रिंट्स भी आजमा सकती हैं। आप एक साथ दो से ज्यादा पैटर्न न पहनें। यह आपके लुक को खराब कर देगा।
कैसा हो फैब्रिक
सूती कपड़े पहनना हमेशा ही एक अच्छा विकल्प होता है, क्योंकि ये आसानी से पसीना सोखते हैं। आपको सूती कपड़े में कई तरह की वैरायटी मिल जाएंगी। प्योर कॉटन में आपका लुक रॉयल और डिफरेंट नजर आएगा। सूती के अलावा आप रेयॉन, लिनन, शिफॉन, मलमल, होजरी, ऑर्गेंजा या जॉर्जेट फैब्रिक भी पहन सकती हैं।
हैट्स और सनग्लासेस
स्टाइलिश सनग्लास और हैट पहनने से न सिर्फ आप तेज धूप से बचेंगी, बल्कि ये आपको और भी ज्यादा स्टाइलिश दिखाएंगे।
स्लिपर्स और एक्सेसरीज
पैरों को ठंडक और आराम देने के लिए आप हल्के और हवादार स्लिपर्स का चुनाव करें। स्टाइलिश फ्लिप-फ्लॉप्स, स्लाइड्स या स्ट्रैपी सैंडल्स आपके लुक को सुंदर बनाएंगे। आप हल्की एक्सेसरीज कैरी कर सकती हैं। छोटी-छोटी बीड्स की माला या पतली लेयरिंग वाली चेन, हल्के पर्ल वाले ब्रेसलेट्स, छोटे स्टड ईयररिंग आप कॉलेज और ऑफिस, दोनों जगह कैरी कर सकती हैं।
परफेक्ट ऑफिस लुक के लिए
अगर आप ऑफिस के लिए कोई परफेक्ट आफटफिट तलाश रही हैं तो कॉटन शर्ट के साथ फॉर्मल पैंट एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। आप पैंट के साथ फॉर्मल कुर्ती भी कैरी कर सकती हैं। अगर आप कुछ स्टाइलिश पहनना चाहती हैं तो कॉटन मैक्सी ड्रेस का चुनाव करें। यह सभी पर सूट करती है और आरामदायक भी होती है। इसके अलावा आप लॉन्ग स्कर्ट के साथ क्रॉप टॉप, टैंक टॉप पहन सकती हैं।
कैजुअल लुक के लिए एक ही रंग की स्कर्ट का चुनाव करें। आप लाइट डेनिम पैंट्स, वाइड लेग पैंट्स और प्लाजो पैंट्स के साथ लॉन्ग कुर्ती, शॉर्ट कुर्ती, शॉर्ट टॉप और टी-शर्ट पहनें। अगर आप इंडियन आफटफिट्स पहनना पसंद करती हैं तो कुर्ती के साथ प्लाजो या फिर लैगी भी पहन सकती हैं। आप समर ब्लेजर भी खरीद सकती हैं। ये दिखने में फॉर्मल और पहनने में कंफर्टेबल होते हैं। आप ऑफिस में कॉटन की साड़ी और को-ऑड सेट भी पहन सकती हैं।
श्रुति संचेती, फैशन डिजाइनर
गर्मियों में पसीना बहुत अधिक आता है, इसलिए कोशिश करें कि हैंडलूम, कपास, लिनन, मलमल और अन्य प्राकृतिक रेशों से बने आउटफिट का ही चयन करें। ये आपको ठंडा रखते हैं और सबसे ज्यादा पसीना सोखने में सक्षम होते हैं। इस मौसम में आउटफिट ढीले और कंफर्टेबल होने चाहिए, जिससे त्वचा सांस ले सके और आप त्वचा संबंधी समस्याओं से बच सकें। चुस्त और टाइट-फिटेड कपड़े पहनने से आपको बचना चाहिए। स्टाइलिश दिखने के लिए आप लूज फिट ड्रेस कैरी करें। मैक्सी ड्रेस, कॉटन टी-शर्ट, प्लाजो, लॉन्ग कुर्ती, प्लीटेड स्कर्ट, व्हाइट शर्ट या लिनेन जैकेट, कॉटन साड़ी हमेशा ही बेहतर विकल्प होते हैं। वहीं, आपको सिल्क, साटन, नायलॉन, वेलवेट के कपड़े नहीं पहनने चाहिए, क्योंकि इस तरह के कपड़े पहनने से त्वचा में इंफेक्शन और घमौरियां हो सकती हैं। मोटे डेनिम पहनने से बचें। इसके स्थान पर आप लाइट डेनिम पैंट्स पहन सकती हैं।