फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hair Care Tips: चाहिए दोमुंहे बालों से छुटकारा तो कराएं हेयर डस्टिंग, जानें इसके अन्य फायदे

Wed, 05 Jun 2024 09:30 AM IST
श्रुति गौड़ लाइफस्टाइल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

दोमुंहे बाल किसी भी महिला को पसंद नहीं होते और सब इनसे छुटकारा पाना चाहती हैं। इस समय दोमुंहे बालों से छुटकारा पाने का सबसे अच्छा तरीका है ‘हेयर डस्टिंग’ कराना।
विज्ञापन
चाहिए दोमुंहे बालों से छुटकारा तो कराएं हेयर डस्टिंग - फोटो : iStock
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पिछले कुछ समय से हेयर डस्टिंग काफी चलन में है। दरअसल, यह एक खास तरह की तकनीक है, जो आपके बालों के लिए लाभदायक है। बाल बहुत संवेदनशील होते हैं। धूल, मिट्टी, ज्यादा धूप से इनके दोमुंहे होने का खतरा बढ़ जाता है। दोमुंहे बाल किसी भी महिला को पसंद नहीं होते और सब इनसे छुटकारा पाना चाहती हैं। इस समय दोमुंहे बालों से छुटकारा पाने का सबसे अच्छा तरीका है ‘हेयर डस्टिंग’ कराना। इससे बालों की लंबाई पर कोई फर्क नहीं पड़ता है और आपके बाल भी स्वस्थ रहते हैं।

विज्ञापन


क्या है हेयर डस्टिंग

यह एक हेयर कटिंग तकनीक है, जिसमें बालों की लंबाई को बिना ज्यादा कम किए, केवल स्प्लिट एंड्स और डैमेज्ड हिस्सों को हटाया जाता है। सामान्य ट्रिमिंग में जहां दो से तीन इंच बाल काटे जाते हैं, वहीं हेयर डस्टिंग में केवल बालों के सिरे के क्षतिग्रस्त हिस्सों को ट्रिम किया जाता है। इस प्रक्रिया में ‘डस्टिंग’ शब्द का उपयोग इसलिए किया जाता है, क्योंकि इस तकनीक में हटाए गए बाल बहुत ही कम मात्रा में होते हैं, जैसे कि धूल के कण। अगर आप अपने बालों के लिए हेयर डस्टिंग का विकल्प चुनती हैं तो इससे आपके बालों को कई फायदे मिल सकते हैं।

बनी रहती है लंबाई

हेयर डस्टिंग में आपके बालों की लंबाई पर कोई खास असर नहीं पड़ता है। जो महिलाएं अपने बालों को बढ़ाना चाहती हैं, उनके लिए यह उपयुक्त है। हेयर डस्टिंग से स्प्लिट एंड्स और डैमेज्ड बालों को पहले ही हटा दिया जाता है, जिससे वे बालों के शाफ्ट (बालों की तीन परत) तक नहीं पहुंच पाते हैं और इससे बालों के डैमेज या टूटने की आशंका कम हो जाती है।
विज्ञापन


स्वस्थ रहते हैं बाल

हेयर डस्टिंग से आपके बाल अधिक हेल्दी और चमकदार नजर आते हैं। वहीं हेयर डस्टिंग से ओवरऑल हेयर हेल्थ में सुधार होता है, जिससे आपके बाल अधिक स्मूथ और सॉफ्ट नजर आने गलते हैं। साथ ही फ्रिज और उलझने जैसी समस्याओं को भी दूर करने में यह प्रक्रिया आपकी मदद करती है। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि डैमेज और दोमुंहे बाल ही आपके संपूर्ण बालों को अनहेल्दी और फ्रिजी बनाते हैं।

क्या है सही प्रक्रिया

हेयर डस्टिंग के लिए सबसे पहले अपने बालों को सीधा करना जरूरी होता है, ताकि स्प्लिट एंड्स और डैमेज्ड हिस्सों को आसानी से देखा जा सके। इसके बाद बालों को छोटे-छोटे हिस्सों में बांट दिया जाता है। फिर हर हिस्से के बालों में स्प्लिट एंड्स और डैमेज्ड बालों की पहचान की जाती है। ऐसा करने से डैमेज्ड बालों की पहचान करना आसान होता है। इसके बाद केवल उन बालों के सिरों को ट्रिम किया जाता है, जो विभाजित या क्षतिग्रस्त होते हैं। यह बहुत ही बारीकी से किया जाता है, ताकि बालों की लंबाई पर असर न पड़े।

कब कराएं

हेयर डस्टिंग को हर 6-8 सप्ताह में करने की सलाह दी जाती है, खासकर अगर आपके बाल जल्द ही दोमुंहे नजर आने लगते हैं। वहीं जब आपके बाल देखने में ही डैमेज नजर आने लगें तो हेयर डस्टिंग कराएं।

जया मिश्रा, मेकअप एंड हेयर स्टाइल एक्सपर्ट

यदि आप दोमुंहे बालों की समस्या से परेशान हैं और पार्लर जाने से बचना चाहती हैं तो आप घर पर भी हेयर डस्टिंग कर सकती हैं। इससे आपका समय भी बचता है। हेयर डस्टिंग बालों के साइज और टेक्सचर पर भी निर्भर करती है। वहीं हेयर फॉल से बचाव में भी यह आपकी मदद कर सकता है और बालों को डैमेज होने से रोक सकता है। हेयर डस्टिंग हर तरह के हेयर टाइप के लिए उपयुक्त है। चाहे आपके बाल सीधे हों, लहराते हुए हों या घुंघराले। बालों को स्वस्थ रखने के लिए आपको हेयर डस्टिंग हर 6 से 8 हफ्ते के बीच जरूर करानी चाहिए।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें