क्या आप पिकनिक पर जाने की योजना बना रही हैं, लेकिन गर्मी भी बहुत है। ऐसे में स्टाइलिश दिखने के साथ ही कूल कैसे दिखा जाए? गर्मियों की छुट्टियों में हर कोई कहीं न कहीं घूमने या पिकनिक पर जरूर जाता है। यह हमें हमारे व्यस्त जीवन से थोड़ा-सा वक्त चुरा लेने का भी समय होता है। ये हमें हमारे आपसी संबंधों को बेहतर बनाने और रिलेक्स करने का भी मौका देता है लेकिन इस गर्मी के मौसम में ऐसा क्या पहना जाए, जो स्टाइलिश भी हो और कंफर्टेबल भी! हर लड़की के मन में बस यही सवाल आता है। अगर कुछ स्लीवलेस पहना तो टैनिंग हो जाएगी और अगर फुल स्लीव पहना तो गर्मी से हालत खराब हो जाएगी। वहीं स्टाइलिश दिखना भी जरूरी है। ऐेसे में क्या पहना जाए?
स्मोक ड्रेस
यह ड्रेस पिकनिक पर पहनने लिए एकदम बेस्ट है। यह ड्रेस ढीली-ढाली और आरामदायक होती है। इसे पहनकर आप आसानी से घूम-फिर सकती हैं। आप चाहें तो टैनिंग से बचने के लिए फुल स्लीव ड्रेस भी पहन सकती हैं। साथ ही आप यह ड्रेस अपनी पसंद के रंगों और डिजाइन पैटर्न में भी खरीद सकती हैं। आप इस ड्रेस को सैंडल या स्नीकर के साथ स्टाइल करें।
फ्लोरल रोम्पर ड्रेस
आप अपने दोस्तों, बच्चों या पति के साथ पिकनिक पर जाने की सोच रही हैं तो फ्लोरल रोम्पर ड्रेस पहन सकती हैं। यह ड्रेस इस मौके के लिए एक सही चुनाव साबित होगी। आप अपने लुक को कंप्लीट करने के लिए मैटेलिक स्नीकर्स और सनग्लासेस भी पहन सकती हैं। साथ ही कानों में पहने गए खूबसूरत ईयररिंग आपके लुक को खास बना देंगे।
टी-शर्ट और ट्राउजर
पिकनिक के लिए टी-शर्ट और ट्राउजर सबसे अच्छा विकल्प होते हैं। इस कॉम्बिनेशन में आपको आरामदायक महसूस होता है और आप स्टाइलिश भी दिखती हैं। एक कूल और कंफर्ट लुक के लिए आप क्रॉप टॉप के साथ सॉफ्ट लिनन पैंट भी पहनें। आप अपने बॉडी टाइप के अनुसार ट्राउजर्स के टाइप चुनें, जैसे कि पैंसिल, ऐंकल लेंथ, प्लाजो ट्राउजर आदि। इनको आप कई रंगों और प्रिंट में खरीद सकती हैं। इस पर आप प्लेन या प्रिंटेड टी-शर्ट पहनें।
स्टाइलिश कुर्ती
गरमियों में सबसे अच्छा और कंफर्टेबल कपड़ा होता है कॉटन, जो आपको गरमी की तपिश से बचाता है। ऐसे में आप कॉटन की कुर्ती पहनकर थोड़ा एस्थेटिक लुक क्रिएट कर सकती हैं। यह आपके लुक को खास बनाने का काम करेगी। आप चाहें तो शॉर्ट या फिर लॉन्ग कुर्ती भी पहन सकती हैं। वहीं एक ट्रेंडी फुटवियर, ईयररिंग और प्यारा-सा स्कार्फ आपके लुक को खास बना देगा।
सनग्लासेस और कैप
धूप से खुद को बचाने के लिए आप सनग्लासेस और कैप पहनना बिल्कुल न भूलें। बाजार में आपको कई तरह के सनग्लासेस और टोपियां, जैसे कि स्ट्रॉ हेट, बेसबॉल हेट और कैप मिल जाएंगे। इनको आप फेस शेप के हिसाब से खरीद सकती हैं और अपने ऑवर-ऑल लुक को खास बना सकती हैं।
सरिता रावत सिंह, फैशन डिजाइनर
गर्मी में फैशन के साथ-साथ आरामदायक कपड़ों का चुनाव करना भी जरूरी है। इस समय हल्के और सूती कपड़े पहनें। लिनेन, रेयॉन, खादी जैसे फैब्रिक इस मौसम में सही रहते हैं। इनमें नमी को सोखने की क्षमता होती है। आप हल्के रंगों के कपड़ों का चुनाव करें, जैसे कि सफेद, पेस्टल शेड्स, बेज, हल्का नीला आदि। ये रंग आकर्षक भी दिखते हैं और आपको गर्मी से भी बचाते हैं। आप चाहें तो हल्के फैब्रिक की ड्रेस, जंप सूट या लॉन्ग श्रग भी पहन सकती हैं। ये आपको स्टाइल के साथ ताजगी का अहसास भी कराएंगी। इस समय आपको पॉली या पॉली मिक्स कपड़े पहनने से बचना चाहिए। ये हवा को पास नहीं होने देते, जिस वजह से त्वचा संबंधी परेशानियां हो सकती हैं।