क्या आप बालों में डैंड्रफ यानी रूसी से अक्सर परेशान रहते हैं और बिना सोचे-समझे डैंड्रफ से छुटकारे के लिए हर उपाय करके अब हार चुके हैं। डैंड्रफ से छुटकारे के लिए समस्या की जड़ तक जाना जितना जरूरी है उतना ही जरूरी है कुछ ऐसी धारणाओं को समझना जिनका कोई वास्तविक आधार है ही नहीं।
आइए जानें, डैंड्रफ से जुड़ी ऐसी धारणाएं जो आपके भ्रम से अधिक कुछ भी नहीं हैं।
केवल ड्राई त्वचा है डैंड्रफ की वजह
सिर की त्वचा ड्राई होने से डैंड्रफ बढ़ता है लेकिन यह इसकी इकलौती वजह नहीं है। अधिकतर मामलो में डैंड्रफ सिर की त्वचा में मौजूद यीस्त होते हैं जो त्वचा के तेल और मृत कोशिकाओं पर आश्रित रहते हैं। इनकी ही वजह से सिर की त्वचा की मृत कोशिकाएं गिरती हैं।
शैंपू करने से बढ़ेगा डैंड्रफ
अगर आप यह सोचते हैं कि शैंपू करने से बालों में डैंड्रफ बढ़ता है तो आप बिल्कुल गलत हैं। शैंपू करने से बालों की गंदगी के साथ-साथ त्वचा की मृत कोशिकाएं भी निकल जाती हैं, यानी डैंड्रफ कम होता है।
बहुत अधिक खुजली होना यानी डैंड्रफ
डैंड्रफ की वजह से सिर में खुजली होना सामान्य है पर सिर में बहुत अधिक खुजली की एकमात्र वजह डैंड्रफ नहीं है। सोरायसिस या त्वचा से जुड़े दूसरे रोगों में भी सिर में बहुत अधिक खुजली होती है।
डैंड्रफ से हमेशा छुटकारा नहीं मिल सकता है
यह बिल्कुल गलत है। सिर की सफाई और डाइट पर ध्यान देने से डैंड्रफ बहुत हद तक कम हो सकता है और सही उपचार से इससे हमेशा के लिए छुटकारा भी पाया जा सकता है।