आपके बाल ड्राइ हों या ऑयली, छोटे हों या लंबे, आपके व्यक्तित्व और खूबसूरती का जरूरी हिस्सा होते हैं। यही वजह है कि आप इनका खयाल रखने के लिए शैंपू, कंडीशनर जैसे तमाम उत्पादों का इस्तेमाल करते हैं। कई बार इन उत्पादों से आपके बालों को फायदा भी पहुंचता है और कई बार नुकसान भी होता है।
क्या आपको पता है कि हेयर केयर प्रोडक्ट्स अगर आपके बालों को सूट नहीं करते तो इसके पीछे सबसे आम वजह क्या हो सकती है। दरअसल, आप अपने बालों की जरूरत के हिसाब से उत्पादों का चयन नहीं करते हैं। तो चलिए, हम आपको बताते हैं कि किस तरह आप अपने बालों की जरूरत के हिसाब से सही उत्पाद खरीद सकते हैं।
ऑयली बालों के लिए
ऑयली बाल आमतौर पर सीधे और सिल्की होते हैं। इनकी देखभाल के लिए शैंपू का चुनाव करते वक्त ध्यान रहे कि शैंपू क्रीम बेस कतई न हो। आप लेमन, टी ट्री ऑयल, साइट्रस फ्रूट्स वाले शैंपू इनके लिए अच्छा विकल्प हैं।
आमतौर पर इनके लिए कंडिशनर की बहुत ज्यादा जरूरत नहीं होती है लेकिन अगर आप यूज करते भी हैं तो कंडिशनर को लगाने के बाद तुरंत धो लें। ध्यान रहे कि ऑयली बालों के लिए जितना महत्वपूर्ण शैंपू का चुनाव है, उतना ही तवज्जो अधिक से अधिक बालों को साफ रखने पर भी देना चाहिए।
ड्राइ बालों के लिए
ड्राइ बालों के लिए क्रीम बेस शैंपू ही सटीक है। यह बालों को मुलायम और सुलझे हुए बनाते हैं। शैंपू खरीदते वक्त यह देख लें कि उसमें ग्लीसरिन या कोलाजेन हो, जिससे शैंपू के दौरान बालों की नमी बरकरार रहे। इसके अलावा इनके लिए अल्ट्रा मॉश्युराइजिंग कंडिशनर का इस्तेमाल करें।
कलर किए बालों के लिए
अगर आप हेयर कलर का इस्तेमाल करते हैं या बालों पर कोई केमिकल ट्रीटमेंट करवाया है तो शैंपू या कंडिशनर का चुनाव करने से पहले अपने बालों की जरूरत को समझना और भी जरूरी है। ऐसे में बालों को रिपेयर करने वाले शैंपू पर जोर देना चाहिए जो कलर वाले बालों को कमजोर होने से बचा सकें। इनके लिए प्रोटीन बेस शैंपू देखें जिनमें सोया, मिल्क या सिल्क अमीनो एसिड जैसे तत्व मौजूद हों। इसके अलावा, बाजार में कलर प्रोटेक्शन शैंपू भी उपलब्ध हैं जो लंबे समय तक आपके बालों का कलर बरकरार रखते हैं। लेकिन अगर ये आपके बजट पर भारी हैं तो इनकी जगह आप माइल्ड बेबी शैंपू का इस्तेमाल करें। इनकीं उपयोगिता में खास फर्क नहीं है।
घुंघराले बालों के लिए
आमतौर पर घुंघराले बाल रूखे होते हैं क्योंकि उनके सिर की त्वचा से निकलने वाला तेल बालों तक आसानी से पहुंच नहीं पाता है। ऐसे में उनके लिए शैंपू का चुनाव करते वक्त यह ध्यान रखना चाहिए कि वह क्रीमी और मॉश्चुयराइजर युक्त हो। इसके अलावा, आप बादाम, बटर, ग्लीसरिन या सिलिकॉन वाले शैंपू का चुनाव कर सकते हैं। इसके अलावा, घुंघराले बालों के लिए एक्स्ट्रा मॉश्चुयराइजिंग कंडिशनर बेहद जरूरी है जिससे बालों को संभाला जा सकें।
इनपर भी ध्यान दें
इसके अलावा, हेयर केयर उत्पाद खरीदते वक्त कुछ बातों का ध्यान जरूर दें। मसलन-
- आप जो उत्पादज खरीद रहे हैं उसमें बहुत अधिक केमिकल्स न हों।
- अच्छी ब्रांड के उत्पाद अक्सर गुणवत्ता की कसौटी पर खरे होते हैं। लेकिन ब्रांड के साथ-साथ अपने बालों की जरूरत का भी ध्यान दें। केवल महंगी ब्रांड का प्रोडक्ट लेने के बजाय आप यह समझें कि आपकी जरूरत के हिसाब से क्या सही है।
- हमेशा एक्सपायरी डेट देखकर ही प्रोडक्ट खरीदें।
- बालों की किसी खास समस्या से परेशान हैं और बाजार में मिलने वाले एंटी डैंड्रफ या हेयर फाल शैंपू और कंडिशनर ही काफी नहीं है, डॉकटर से मिलें और मेडिकल ट्रीटमेंट लें।