एक वीडियो वायरल है जिसमें दो महिलाओं को कुछ आदमी सड़क पर पीट रहे हैं। दोनों महिलाें सड़क पर गिर जाती हैं। इसके बाद एक लड़का हाथ में ईंट लेकर महिला को मारने के लिए बढ़ता है लेकिन कैमरा देख कर रुक जाता है। एक आदमी महिला को लात मारते हुए भी नजर आ रहा है।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके अभी का बताया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि कुछ आदमी निर्दोष महिला को बीच सड़क पर पीट रहे है।
द सेवियर (@stairwayto3dom) नाम के एक एक्स यूजर ने वीडियो शेयर करके लिखा “भारतीय एक मासूम महिला के सिर पर ईंट मारने की कोशिश करता है, लेकिन जब उसे पता चलता है कि उसकी रिकॉर्डिंग की जा रही है, तो वह रुक जाता है…”
अब्दुर रहीम (@abdurrahim9016) नाम के एक एक्स यूजर ने लिखा “भारतीय एक मासूम महिला के सिर पर ईंट मारने की कोशिश करता है, लेकिन जब उसे पता चलता है कि उसकी रिकॉर्डिंग हो रही है, तो वह रुक जाता है…”
वॉर एनालिसिस (@iiamguri9) नाम के एक एक्स अकाउंट से लिखा गया “एक मासूम महिला के सिर पर ईंट मारने की कोशिश की जाती है, लेकिन जब उसे पता चलता है कि उसकी रिकॉर्डिंग की जा रही है, तो वह रुक जाता है…”
पड़ताल
वीडियो की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज में सर्च किया। वायरल वीडियो को से जुड़ी कई खबरें हमें इंटरनेट पर मिलीं। ये खबरें अगस्त 2023 में प्रकाशित हुई थीं। यहां से ये साफ हो गया कि खबर पुरानी है। हमें ये भी पता चला कि घटना उत्तर प्रदेश के जिला बदायूं की है।
इस घटना के बारे में ज्यादा जानने के लिए हमने
अमर उजाला के न्यूज डेस्क से संपर्क किया। यहां से हमें 2023 में प्रकाशित इस खबर के बारे में पूरी जानकारी मिली। खबर के मुताबिक बदायूं के बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव महलोली में दो महिलाओं को सड़क पर गिराकर बेरहमी से पीटा गया। आरोपियों ने एक महिला का सिर फोड़ दिया, दूसरे का हाथ तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज की थी।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में ये साफ है कि वीडियो एक साल पुराना है जिसे हाल का बताकर गलत जानकारी फैलाने की कोशिश की जा रही है।