सोशल मीडिया पर राजस्थान सरकार में मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता किरोड़ी लाल मीणा का एक वीडियो वायरल है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि जीत के संदर्भ में बोलते हुए उन्होंने कहा कि अगर मोदी जी 400 पार करेंगे तो आरक्षण खत्म करेंगे और संविधान को भी बदल देंगे।
बूम ने पाया कि वायरल वीडियो अधूरा है। किरोड़ी लाल मीणा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर वायरल वीडियो को क्रॉप्ड बताते हुए मूल वीडियो पोस्ट किया है। मूल वीडियो में उनको बोलते सुना जा सकता है कि 'कांग्रेस ने ऐसा भ्रम फैला दिया है कि मोदी जी 400 पार करेंगे तो आरक्षण को भी खत्म कर देंगे और संविधान को भी बदल देंगे।'
क्या है दावा?
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को समाप्त हुआ। चुनाव के नतीजे 4 जून को घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव के मद्देनजर सोशल मीडिया पर तमाम नेताओं और पार्टी विशेष से संबंधित फर्जी खबरें खूब शेयर की जा रही हैं। इसी कड़ी में भाजपा नेता किरोड़ी लाल मीणा का यह वीडियो वायरल है।
वीडियो में किरोड़ी लाल को कहते सुना जा सकता है, '।।मोदी 400 पार करेंगे तो आरक्षण को भी खत्म कर देंगे और संविधान को भी बदल देंगे।'
फेसबुक पर राष्ट्रीय जनता दल के आधिकारिक पेज से वीडियो को शेयर करते हुए लिखा गया कि 'भाजपा आरक्षण और संविधान खत्म करने की कसम खा चुकी है! संविधान बदलने के अपने प्रण को सभी भाजपा नेता लगातार दोहरा रहे हैं! राजस्थान के मंत्री किरोड़ीलाल मीणा को सुनें- "मोदी जी 400 पार करेंगे तो आरक्षण ख़त्म करेंगे और संविधान को भी बदल देंगे।।।"
एक्स पर भी बिहार राजद के हैंडल से इसी गलत दावे के साथ यह वीडियो पोस्ट किया गया है। इसके अलावा, कांग्रेस नेता उदित राज ने भी इस अधूरे वीडियो को शेयर करते हुए यही दावा किया और लिखा, 'BJP के सांसद किरोड़ी लाल को सुने। कह रहे हैं कि 400 पार इस लिये चाहिए कि संविधान और आरक्षण खत्म करना है।'
पोस्ट का आर्काइव लिंक
पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए बूम ने वीडियो को ध्यान से देखा तो पाया कि जिस माइक पर किरोड़ी लाल मीणा बयान दे रहे हैं, उसपर न्यूज एजेंसी 'फर्स्ट इंडिया' का लोगो था। मूल वीडियो के लिए बूम 'फर्स्ट इंडिया' के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर गया। वहां बूम को 22 अप्रैल 2024 का अपलोड किया हुआ यह वीडियो मिला।