इंडिया एक्सपोजीशन मॉल, ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश पुलिस की भव्य संयुक्त प्रदर्शनी ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। ट्रेड शो के हॉल नंबर- 4 में स्थित यूपी पुलिस के स्टॉल पर पूरे आयोजन के दौरान लाखों की संख्या में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिसने इसे पूरे एक्सपो का सबसे बड़ा आकर्षण बना दिया।
आम जनमानस के इस अभूतपूर्व उत्साह, स्टॉल पर सबसे अधिक दर्शकों की उपस्थिति और सुरक्षा व तकनीक के शानदार प्रस्तुतीकरण के लिए, उत्तर प्रदेश पुलिस के स्टॉल को बेस्ट डिस्प्ले अवार्ड से सम्मानित किया गया है।
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म एवं लघु उद्यम राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने दिया। उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से पुलिस अधीक्षक (साइबर क्राइम, मुख्यालय उत्तर प्रदेश) राजेश कुमार यादव और करुणा शंकर सिंह (प्रभारी मीडिया सेल, यूपी 112) की ओर से ग्रहण किया गया।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश पुलिस के स्टॉल का यह लगातार तीसरे साल उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा है। 2024 और 2025 में भी यूपी पुलिस के स्टॉल ने बेस्ट डिस्प्ले अवार्ड अपने नाम किया था। इस वर्ष यह हैट्रिक लगाते हुए पुलिस बल की आधुनिक कार्यप्रणाली और जनता के साथ मजबूत जुड़ाव को रेखांकित किया।
ट्रेड शो के दौरान विनोद कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक (सीआईडी, साइबर क्राइम एवं यूपी 112) की ओर से इस भव्य प्रदर्शनी का शानदार कॉन्सेप्ट सुझाया गया था। पुलिस महानिदेशक ने दो दिवस तक नोएडा में रुककर प्रदर्शनी स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने इस भव्य प्रदर्शनी को सफल बनाने वाली अपनी सभी सहभागी इकाइयों को उनकी 'जोशपूर्ण प्रतिभागिता' और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया गया। सभी अधिकारियों और जवानों की दिन-रात की मेहनत, अनुशासन और टीम-भावना के बिना यह ऐतिहासिक सफलता संभव नहीं थी।