मन को छू लेने वाली कहानी
सीरीज ‘बड़ा नाम करेंगे’ मन को छू लेने वाली है, इसको पलाश वासवानी द्वारा निर्देशित किया गया है। हालिया जारी टीजर में प्यार, परिवार को जोड़कर एक कहानी की झलक दिखाई गई है। इस सीरीज में ऋषभ और सुरभि की कहानी है, जिनकी अरेंज मैरिज एक अलग ही मोड़ लेती है, जब उनके अतीत की बातें सामने आती हैं। आगे दोनों अपने रिश्ते को लेकर क्या फैसला लेंगे, इस पर पूरी कहानी है।
उत्साहित हैं सूरज बड़जात्या
सीरीज ‘बड़ा नाम करेंगे’ के बारे में सूरज आर.बड़जात्या ने कहा- ‘यह सीरीज मेरे दिल में एक खास जगह रखती है। इसके साथ हम रिश्तों की खूबसूरती, प्यार की गहराई और पारिवारिक मूल्यों की मजबूती के बारे में बता रहे हैं। मैं इस दिल को छू लेने वाली कहानी को दर्शकों के साथ साझा करने के लिए उत्साहित हूं। सोनी लिव के साथ मिलना, हमारे लिए शानदार एक्सपीरियंस है।
बड़ी-नामी स्टार कास्ट
सीरीज ‘बड़ा नाम करेंगे’ में कंवलजीत सिंह, अलका अमीन, राजेश जैस, चित्राली लोकेश, राजेश तैलंग, अंजना सुखानी और कई उम्दा कलाकारों की टीम शामिल है। यह सभी कलाकार फिल्मों और टीवी में अपनी बेहतरीन एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं। दर्शकों को भी राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्म, सीरियल पहले पसंद आए हैं, तो इस सीरीज को लेकर भी फैंस एक्साइटेड हैं।