वेब सीरीज 'द ब्रोकन न्यूज' के चाहने वालों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। इस चर्चित वेब सीरीज के दूसरे सीजन का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इस सीरीज का निर्देशन विनय वाइकुल ने किया है। कहानी संबित मिश्रा ने लिखी है। इसमें सीरीज में सोनाली बेंद्रे, श्रिया पिलगांवकर और जयदीप अहलावत अहम किरदार निभाते हुए नजर आएंगे। ट्रेलर रिलीज होने के साथ ही दर्शकों का दो साल लंबा इंतजार भी खत्म हो गया है। अब दर्शक इसे देखने के लिए उतावले हो रहे हैं। 'द ब्रोकन न्यूज' का दूसरा सीजन 3 मई, 2024 से ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर स्ट्रीम होगा। इसमें दर्शकों को मीडिया की दुनिया में होने वाली दिलचस्प घटनाओं को देखने का मौका मिलेगा।
Ishwak Singh: ‘बर्लिन’ को मिल रही तारीफ से चमका इश्वाक का करियर, बोले, ‘मेरी अब तक की यात्रा शाहरुख खान जैसी’
सोनाली के लिए बेहद खास है 'द ब्रोकन न्यूज'
वेब सीरीज 'द ब्रोकन न्यूज' के बारे में बात करते हुए अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे ने कहा कि यह उनके लिए हमेशा खास रहेगी। इसकी वजह है कि इसी से उन्होंने ओटीटी पर डेब्यू किया है। उन्होंने कहा कि सीरीज से जुड़े सभी लोग पहले सीजन को मिली प्रतिक्रिया से काफी खुश थे और उन्हें खुशी है कि वे एक नए सीजन के साथ वापसी कर रहे हैं। सोनाली ने वेब सीरीज के निर्देशक विनय वाइकुल की तारीफ करते हुए उन्हें दूरदर्शी निर्देशक करार दिया। वहीं, अभिनेता जयदीप अहलावत ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि वे सीरीज के दूसरे सीजन को लेकर काफी रोमांचित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस सीजन से दर्शक पहले से ज्यादा न्यूजरूम ड्रामा और एक्शन देखने की उम्मीद कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वे दूसरे सीजन पर दर्शकों की प्रतिक्रिया को देखने के लिए उत्सुक हैं।
दर्शकों को बांधकर रखेगा दूसरा सीजन
अभिनेत्री श्रिया पिलागांवकर ने कहा कि 'द ब्रोकन न्यूज' की उनके दिल में एक खास जगह है। उन्होंने बताया कि दूसरे सीजन में राधा और दीपांकर एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करते हुए दिखाई देंगे। इसे देखकर दर्शकों को काफी मजा आने वाला है। उन्होंने जयदीप और सोनाली के बारे में बात करते हुए कहा कि वे दोनों टैलेंट के पावरहाउस हैं। वहीं, सीरीज के निर्देशक विनय वाइकुल ने कहा कि वे दूसरे सीजन के निर्देशन को लेकर काफी उत्साहित हैं। इस सीजन में दर्शकों को एक बार फिर से सच्चाई और सनसनीखेज के बीच की लड़ाई देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि दूसरा सीजन दर्शकों को बांधकर रखेगा।