अवॉर्ड नहीं मिलने पर छलका दर्द
शरत सक्सेना ने अपने हालिया इंटरव्यू में इंडस्ट्री और अपने करियर से जुड़ी चौंकाने वाली बातें रखी हैं। बॉलीवुड सेलिब्रिटीज (Bollywood Celebrities) इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया गया है। इसमें कई बातों को लेकर शरत सक्सेना का दर्द छलक आया है।
उन्होंने कहा, 'मुझे आज तक कोई अवॉर्ड नहीं मिला। फिल्म इंडस्ट्री में काम मिलता है उस आदमी को, जिसकी थोड़ी पहचान बन जाती है'।
इंडस्ट्री का कौन-सा राज खोला?
इसके अलावा शरत सक्सेना ने बॉलीवुड पार्टियों में शिरकत न करने पर भी बात की। उन्होंने कहा, 'मुझे पार्टी में कोई इनवाइट नहीं करता। पार्टीज होती हैं फिल्म स्टार्स के लिए। ये फिल्म इंडस्ट्री का एक ऐसा भाग है, जिसके बारे में दुनिया जानती नहीं है'।
शरत सक्सेना ने आगे कहा, 'मैं लगभग इंडस्ट्री से बाहर हो चुका हूं, क्योंकि वहां बुजुर्गों के लिए रोल नहीं है। फिल्म इंडस्ट्री युवाओं की इंडस्ट्री है। बुजुर्ग लोगों के लिए रोल लिखे ही नहीं जाते। मैं एक्सरसाइज करता हूं और कोशिश करता हूं कि लोग मुझे फिल्मों में लेते रहें'।
शरत ने आगे कहा कि 'जब तक पहचान नहीं बनती है, तब तक इंडस्ट्री में काम नहीं मिलता। मिलेगा भी क्यों? उसने क्या कर लिया है, जिसके लिए उसे काम मिल जाए'?
खुद को क्यों देते थे गालियां?
शरत आगे कहते हैं, 'स्टार्स एक अलग लेवल पर होते हैं। स्टार्स सिर्फ स्टार्स से बातें करते हैं। हम लोग सिर्फ फिल्मों में मिलते हैं शूटिंग के दौरान। जैसे ही शूटिंग पूरी होती है, हम लोग चले आते हैं। मुझे अपनी शक्ल अच्छी नहीं लगती थी। सुबह जब तैयार होते थे शक्ल देखकर गालियां देते थे। अभी जा रहे हैं पिटने। हीरो साहब आएंगे, हमारी पिटाई करेंगे। खुद को हीरो घोषित करके पिक्चर में आगे बढ़ेंगे'।