सरोद वादक उस्ताद अमजद अली ने जाहिर की खुशी
सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खान ने अपने बेटों अमान अली बंगश और अयान अली बंगश के साथ मिलकर 'मेडिटेशन्स: द रिफ्लेक्शंस ऑफ हिज होलीनेस द दलाई लामा' एल्बम में संगीत दिया है। इस एल्बम के ग्रैमी अवार्ड जीतने पर उस्ताद अमजद अली खान ने कहा, ‘एक परिवार के रूप में हम दलाई लामा के साथ एल्बम 'मेडिटेशन्स: द रिफ्लेक्शंस ऑफ हिज होलीनेस द दलाई लामा' पर काम करने पर बहुत सम्मानित महसूस कर रहे हैं। दलाई लामा कई वर्षों से हमारे मार्गदर्शक रहे हैं, शांति और करुणा, आशा का उनका संदेश न केवल हमारे संगीत को बल्कि हमारे जीवन को भी प्रेरित करता रहता है। हम इस महान सम्मान के लिए दलाई लामा को हार्दिक बधाई देते हैं।’
अमजद अली के बेटों ने ग्रैमी अवाॅर्ड मिलने को यादगार बताया
उस्ताद अमजद अली के दोनों बेटों ने भी ग्रैमी मिलने पर खुशी जाहिर की। अमान अली बंगश ने कहा, ‘दलाई लामा जी के विचारों को संगीत के साथ सुनना हमारे लिए बहुत भावुक और दिल छू लेने वाला अनुभव रहा। इसने हमें फिर से याद दिलाया कि कला में इंसान की आत्मा को ऊपर उठाने की कितनी बड़ी ताकत होती है। अपने प्रिय सहयोगी कबीर सहगल के साथ इस एल्बम को बनाना हमारे लिए खुशी और सम्मान दोनों की बात रही। यह सचमुच हमारे लिए एक बहुत खास और यादगार पल है।'
वहीं अयान अली बंगश ने कहा, ‘कई अद्भुत कलाकारों के योगदान के साथ मिलकर हमने एक ऐसा प्रोजेक्ट बनाने की कोशिश की है। जिसमें दलाई लामा के विचार शामिल हैं। हम हर उस कलाकार के दिल से आभारी हैं, जिन्होंने इस काम के लिए अपनी आवाज, अपनी भावना और अपनी क्रिएटिविटी दी।’ वह आगे कहते हैं, ‘हम खुद को बहुत सौभाग्यशाली मानते हैं कि हमें दलाई लामा के साथ इस एल्बम का हिस्सा बनने का मौका मिला।’
बौद्ध गुरू दलाई लामा ने भी अपनी एल्बम ‘मेडिटेशन्स : द रिफ्लेक्शन्स ऑफ हिज होलिनेस द दलाई लामा’ को ग्रैमी अवॉर्ड दिए जाने पर आभार व्यक्त किया है।