अभिनेत्री तृप्ति डिमरी और अविनाश तिवारी की फिल्म 'लैला मजनू' 2018 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। उस समय साजिद अली के निर्देशन में बनी ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाई के मामले में असफल रही थी। इम्तियाज अली ने एकता कपूर के साथ मिलकर इस फिल्म को एक बार फिर बड़े पर्दे री-रिलीज किया है। इम्तियाज अली द्वारा निर्मित इस फिल्म को पिछले शुक्रवार को सिनेमाघरों में फिर से रिलीज किया गया। फिल्म की दोबारा रिलीज ने सफलता के झंड़े गाढ़ दिये हैं। 'लैला मजनू' की कमाई के आंकड़े हैरान कर देने वाले हैं।
'लैला मजनू' के 2018 में महज 1.5 लाख टिकट ही बेचे गए थे। मगर फिल्म की दोबारा रिलीज के दौरान महज चार दिनों में लाखों टिकट बिक गई हैं। एकता कपूर ने इसे लेकर एक पोस्ट साझा कर अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने फिल्म का एक वीडियो साझा कर लिखा, 'इंतजार खत्म हुआ, लैला मजनू का वक्त आ गया। पहली रिलीज में लाइफटाइम में 1.5 लाख टिकट बेचे गए। इसकी दोबारा रिलीज में चार दिनों में लाख, सोमवार की संख्या शुक्रवार से अधिक है। वास्तव में टीम को दोगुनी बधाई।'
2018 में फिल्म ने सिनेमाघरों में केवल 2.18 करोड़ रुपये का कुल कारोबार किया था। पिछले शुक्रवार को फिर से रिलीज के बाद 'लैला मजनू' ने 30 लाख रुपये की अच्छी कमाई की, जो कि नेशनल सिनेमा लवर डे के कारण कम टिकट कीमतों का भी नतीजा था। शनिवार को फिल्म की कमाई में बढ़त देखने को मिली। लैला मजनू ने शनिवार को 5 लाख रुपये की कमाई की, वहीं रविवार को फिल्म ने एक करोड़ रुपये का आंकड़ा छू लिया। फिल्म ने चौथे दिन यानी कि सोमवार को 70 लाख का कारोबार किया।
तृप्ति डिमरी और अविनाश तिवारी की फिल्म 'लैला मजनू' को दोबार रिलीज के बाद दर्शकों का बेशुमार प्यार मिल रहा है। भारी संख्या में दर्शक फिल्म देखने के लिए सिनेमाघरों मं पहुंच रहे हैं। इस फिल्म की शूटिंग अधिकतर जम्मू और कश्मीर में की गई है। फिल्म को इम्तियाज की पूर्व पत्नी प्रीति और एकता कपूर ने प्रोड्यूस किया।