14 साल की उम्र में शुरू कर दी थी मार्शल आर्ट प्रैक्टिस
टाइगर श्रॉफ ने वर्ष 2014 में आई फिल्म 'हीरोपंती' से डेब्यू किया। टाइगर ने अब तक बागी, ए फ्लाइंग जट, बागी 3, स्टूडेंट ऑफ दि ईयर 2 , वॉर 2 जैसी फिल्मों में काम किया है। टाइगर मार्शल आर्ट में माहिर हैं। उन्होंने बाकायदा इसकी ट्रेनिंग ली है। बहुत कम लोग ही जानते हैं कि 14 साल की उम्र से उन्होंने मार्शल आर्ट की प्रैक्टिस शुरू कर दी थी। वह ताइक्वांडो में फिफ्थ डिग्री ब्लैक बेल्ट हासिल कर चुके हैं।
टाइगर के लिए नशा है एक्शन
टाइगर श्रॉफ की फिल्मों में उनका एक्शन भरपूर दिखाई देता है। फैंस उनके स्टंट देखकर हैरान रह जाते हैं। टाइगर ने एक्शन की प्रेरणा अभिनेता अक्षय कुमार और जैकी चेन से ली है। बीते दिनों टाइगर अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में आए थे। इस दौरान उन्होंने अपने एक्शन प्रेम को लेकर बताया, 'मैं बचपन से एक्शन करता आया हूं। बचपन से अक्षय सर, जैकी चेन की फिल्में देखकर सीखा है। यह मेरे लिए नशा है'।
कौन सी है पसंदीदा एक्शन फिल्म?
टाइगर श्रॉफ की पसंदीदा एक्शन फिल्म की बात करें तो इस लिस्ट में 'युद्ध' का नाम सबसे ऊपर है। उन्होंने बताया, 'मेरी पसंदीदा हिंदी एक्शन फिल्म युद्ध थी, जिसमें मेरे पिता जैकी श्रॉफ थे। अक्षय सर के स्टंट का भी मैं फैन हूं। मुझे फ्लाइट में बैठने का फोबिया है। खिलाड़ी 420 मूवी में वे प्लेन के विंग्स पर खड़े थे और स्टंट कर रहे थे। उनसे काफी कुछ सीखने का मौका मिला है'। टाइगर की नजरों में परफेक्ट स्टंट वही है, जिसमें खुद को या किसी को चोट न लगे।
क्या है फिटनेस का राज?
टाइगर श्रॉफ अपनी फिटनेस के लिए भी जाने जाते हैं। इसका राज उनके डेली रुटीन और आहार में छिपा है। टाइगर श्रॉफ हर दिन कसरत करते हैं। उन्होंने बताया, ' मैं सुबह साढ़े छह-सात बजे तक उठ जाता हूं। फिर रनिंग करने जाता हूं। घर लौटकर नाश्ता करता हूं। विटामिन डी लेता हूं। जिम जाकर मार्शल आर्ट ट्रेनिंग करता हूं। शूटिंग न हो तो घर आकर झपकी लेता हूं। फिर दोबारा जिम जाकर स्ट्रेंथ ट्रेनिंग करता हूं'। हालांकि, एक दिन वह चीट डे रखते हैं और अपना पसंदीदा खाना एंजॉय करते हैं। वर्क फ्रंट की बात करें तो टाइगर की आगामी फिल्म 'बड़े मियां छोटे मियां' है, जिसमें वह अक्षय कुमार के साथ दिखेंगे। यह फिल्म अप्रैल में रिलीज होगी। टाइगर श्रॉफ की नेटवर्थ की बात करें तो वह मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी नेटवर्थ करीब 250 करोड़ रुपये है।
LSD 2: 'लव सेक्स और धोखा 2' का नया धांसू पोस्टर रिलीज, जानिए किस दिन रिलीज होगी निमृत कौर की यह फिल्म