जल्द शुरू होने वाले कलर्स के लोकप्रिय डांस रिएलिटी शो 'झलक दिखला जा 6' में दुनिया की मशहूर कोरियोग्राफर लॉरेन गॉटलिब की एंट्री हो सकती है।
जी हां, खबरों के मुताबिक, 'झलक दिखला जा 6' की ज्यूरी मेंबर्स में यूं तो माधुरी दीक्षित, करण जौहर और रेमो डिसूजा ही रहेंगे लेकिन नए जज भी आपको शो में दिखाई दे सकते हैं।
दरअसल, सफलता पूर्वक अपने पांच सीजन पूरे कर चुका 'झलक दिखला जा' कुछ नए कोरियोग्राफर्स और ज्यूरी मेंबर्स को शो से जोड़ने की जुगत लगा रहा है।
खबरों के मुताबिक, इस शो के लिए प्रतिभागियों का चयन होना शुरू हो गया है। लेकिन इसके साथ ही ऐसा सुनने में आ रहा है कि इस बार इस शो से मशहूर कोरियोग्राफर लॉरेन गॉटलिब जुड़ सकती है।
लॉरेन गॉटलिब वही कोरिग्राफर हैं तो टॉम क्रूज, शकीरा और रिहाना जैसी मशहूर हॉलीवुड हस्तियों को अपने इशारों पर नचा चुकी हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में रेमो डिसूजा के निर्देशन में रिलीज हुई फिल्म 'एबीसीडी' में भी लॉरेन बतौर एक्ट्रेस नजर आई थी।
हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है कि लॉरेन शो में होंगी या नहीं। लेकिन लॉरेन से शो के निर्माता बातचीत कर रहे हैं जैसे ही कोई बात बनती है तो ये सुनिश्चित हो जाएगा कि लॉरेन 'झलक दिखला जा 6' में होगी या नहीं।