लोकप्रिय टीवी अभिनेत्री अंकिता लोखंडे और उनके ब्वॉयफ्रेंड विक्की जैन ने शादी कर ली है। अंकिता और विक्की 14 दिसंबर को शादी के बंधन में बंधे हैं। इस कपल के सात फेरे लेते ही सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं का दौर शुरू हो गया है। अंकिता और विक्की को सेलेब्स से लेकर उनके फैंस तक खूब बधाई दे रहे हैं। वहीं, दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता ने भी अंकिता लोखंडे और विक्की जैन को बधाई दी है।
सुशांत राजपूत की बहन ने दिया अंकिता-विक्की को आशीर्वाद
दिवंगत एक्टर सुशांत राजपूत की बहन श्वेता ने अंकिता लोखंडे और विक्की जैन को आशीर्वाद दिया है।उन्होंने अंकिता लोखंडे की इंस्टाग्राम पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा है, मुबारक हो। न्यूली वेड कपल को आशीर्वाद। श्वेता। दरअसल, एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे ने शादी के बाद विक्की जैन के साथ अपनी तस्वीरों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर शेयर किया था।
उन्होंने इन तस्वीरों को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा था, प्यार में धैर्य है, लेकिन हम दोनों में नहीं। अब हम ऑफिशली मिस्टर और मिसेज जैन हैं। अंकिता लाखंडे के इस पोस्ट पर बधाई देने वालों का तांता लग गया है। उन्हें पूजा गौर से लेकर मौनी रॉय, कुशाल टंडन समेत कई मशहूर हस्तियोंं ने शादी की बधाई दी है। इसी पोस्ट के नीचे सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने भी टिप्पणी करते हुए बधाई दी। गौरतलब है कि विक्की जैन को डेट करने से पहले अंकिता और सुशांत सिंह भी रिश्ते में थे। हालांकि साल 2016 में दोनों एक-दूसरे से अलग हो गये। साल 2020 में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने सुसाइड कर लिया था। उस वक्त अंकिता लोखंडे, सुशांत राजपूत के परिवार के साथ खड़ी हुई थी।