साल 2000 में अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर ने ब्रिटेन स्थित एक बैंकर से शादी
कर ग्लैमर की दुनिया को अलविदा कह दिया था। अब उनकी नौ साल की बेटी है,
अनुष्का। अगले जन्मदिन पर 40 बरस की होने वाली शिल्पा एक्टिंग की दूसरी
पारी छोटे पर्दे पर शुरू कर रही हैं। 26 अगस्त से उनका धारावाहिक ‘एक
मुट्ठी आसमान' आ रहा है। अभी तक कहां थी शिल्पा और कमबैक पर क्या कहना है
उनका, जानिए...
-ग्लैमरस क्यों नहीः 13 बरस बाद अगर मैं पुराने ही ग्लैमरस अवतार में लौटती तो जोकर नजर आती। यह सीरियल कमला बाई की कहानी है, जो घरेलू नौकरानी है। यह उसके सपनों की कहानी है। वह अपनी बेटी कल्पना को पढ़ा-लिखा कर कामयाब इंसान बनाती है। स्क्रिप्ट पढ़ कर मुझे लगा कि इसमें एक्टिंग टैलेंट दिखाने का पूरा मौका है, इसलिए मैंने यह रोल स्वीकार किया।
-सफेद बालों के लिए हूं तैयारः इस सीरियल में रोमांटिक ट्रेक भी है और जल्दी ही कमला बाई की बेटी बड़ी हो जाएगी और शायद मेरे बालों में सफेदी भी दिखने लगे। परंतु मैं इसके लिए तैयार हूं क्योंकि अगर दर्शक मेरी कहानी को पसंद करते हैं तो मैं हर रोल में दिखने को राजी हूं। चूंकि कहानी पूरी तरह से कमला बाई पर केंद्रित है, इसलिए रोमांटिक ट्रेक शुरू होने पर भी मैं पर्दे पर बनी रहूंगी।
-कमबैक की नहीं थी योजनाः 2007-08 में मेरे माता-पिता अचानक चल बसे। जबकि मैं विदेश में थी। तब मुझे और मेरे पति अपरेश को लगा कि यह ठीक नहीं है। हमें अपने लोगों के साथ रहना चाहिए। हम इंडिया वापस आ गए। एक्टिंग की दुनिया में लौटने की मेरी योजना नहीं थी। मैं अपने लोगों के पास रहने के लिए लौटी थी। मैं एक गृहिणी और मां की जिम्मेदारियां निभाते हुए बहुत खुश थी। लेकिन जब मुझे यह सीरियल ऑफर हुआ और इसकी कहानी अच्छी लगी तो मैंने इसे स्वीकार लिया। मेरा परिवार इस कमबैक से खुश है।
-टीवी क्यों? यह मौके की बात है। ऐसा नहीं है कि मेरी समकालीन (माधुरी, श्रीदेवी, रवीना, जूही) अभिनेत्रियां आज सीधे फिल्मों में लौट रही हैं। वे भी टीवी पर किस्मत आजमा चुकी हैं और उसके बाद ही फिल्में कर रही हैं। मैं भी फिल्में करना चाहती हूं लेकिन मेरा ध्यान अभी सिर्फ सीरियल पर है। मेरे पास एक साथ कई ऑफर स्वीकार करने का समय नहीं है।
-अपनी प्रोडक्शन कंपनीः अपरेश और मैंने अब इंडिया में ही रहने का फैसला कर लिया है। अपरेश एक बैंकर हैं। हमने प्रोडक्शन हाउस शुरू किया है। हम हिंदी और मराठी में फिल्में बनाना चाहते हैं। इवेंट्स भी मैनेज करेंगे। अपरेश अभी इस काम को जमाने में लगे हैं। मैं सिर्फ ऐक्टिंग करूंगी।
-मेरी टॉप टेन फिल्मेः मैंने 10 साल के अपने कैरियर में 63 फिल्में की हैं। इनमें से कई मेरे दिल के बहुत करीब हैं। जिनमें न केवल काम करने में मुझे मजा आया, बल्कि जिनसे मैंने बहुत कुछ सीखा। मेरे हिसाब से मेरी टॉप टेन फिल्में हैः हम, खुदा गवाह, किशन कन्हैया, मृत्युदंड, आंखें, पहचान, त्रिनेत्र, गोपी किशन, बेवफा सनम, रघुवीर।