कुछ समय पहले ही बॉलीवुड में एक फिल्म आई थी 'गो गोवा गोन'। इसमें जॉम्बी (जिंदा मुर्दा) लोगों को मारते रहते हैं। अब ऐसी ही प्रेतआत्माएं अब टीवी पर भी दिखेंगी।
जी हां, सब टीवी के दर्शक पहली बार प्रेत-आत्माओं से साक्षात्कार का आनंद उठाएंगे। चैनल के लोकप्रिय शो 'FIR' में जल्द ही इसी से जुड़ा एक दिलचस्प सीक्वेंस दिखाया जायेगा, जो दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगा।
'FIR' के एक एपिसोड में इंस्पेक्टर ज्वालामुखी चौटाला के पास एक विचित्र मामला आता है। इसमें प्रेत-आत्माओं का आभास दिखाया गया है जो शहर के लोगों को एक-एक कर अपना शिकार बनाकर सभी को प्रेत में परिवर्तित कर रहे हैं।
साहसी एवं निडर इंस्पेक्टर ज्वालामुखी किसी भी तरह से इस मामले को सुलझाने की ठान लेती है। हालांकि उसे नहीं पता कि आगे क्या होना वाला है?
इंस्पेक्टर गोपीनाथ गंडोला की मदद से जब उसे पता चलता है कि उनमें से ही एक इंस्पेक्टर प्रेत बनकर लोगों को डरा रहा है, तब वह मामले को अपने हाथ में लेकर उससे मुकाबला करती है।
बहरहाल, प्रेत का डर सच होता है और ज्वालामुखी भी उसका शिकार हो जाती है और खुद भी एक प्रेत में बदल जाती है।
इस सीक्वेंस पर चित्रांशी रावत कहती हैं, ‘‘इस एपिसोड के लिये शूटिंग करना काफी मजेदार रहा। यह ऐसी अवधारणा है, जिसे भारतीय टेलीविजन पर ज्यादा जगह नहीं मिली है। प्रेत के गेट-अप में आना और उसकी तरह अभिनय करना बेहद शानदार था। मुझे विश्वास है कि इस एपिसोड में दर्शकों को वाकई में मजा आयेगा।
क्या गोपीनाथ, बिल्लू, पप्पू और मालपुआ प्रेत अवतार से छुटकारा दिलाने में इंस्पेक्टर ज्वालामुखी की मदद कर पाएंगे? या वे भी प्रेत में बदल जायेंगे?
खैर, हमने सुना है कि इन सबके बीच एक हीरो भी सामने आएगा। आगे क्या होगा, यह जानने के लिये 'FIR' देखते रहिये।