हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'इंकार' में नजर आए अभिनेता संदीप सचदेव ने अपने कॅरियर की शुरुआत टीवी रिएलिटी शो से की थी। उन्होंने 'द बिगेस्ट लूजर' शो जीतने के बाद अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इस शो में उन्होंने 50 किलोग्राम वजन कम किया था। वह अक्षय कुमार के शो 'खतरों के खिलाड़ी' और 'चल पिक्चर बनाते हैं' फिल्म का भी हिस्सा रह चुके हैं।
संदीप ने कहा कि रिएलिटी शो ने फिल्मों में मेरा कॅरियर बनाने में बहुत मदद की है। खासतौर पर 'द बिगेस्ट लूजर' ने मेरी काफी मदद की और यह उस वक्त हुआ जब मैंने अभिनय में कॅरियर बनाने के बारे में पूरी तरह सोचना शुरू कर दिया था। 'खतरों के खिलाड़ी' में मुझे अक्षय कुमार के साथ काम करने का मौका मिला, जो अद्भुत था।
भले ही संदीप को फिल्म 'इंकार' में छोटी भूमिका मिली हो लेकिन वह अभिनेता अर्जुन रामपाल और अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह अभिनीत इस फिल्म को मिली प्रतिक्रिया से उत्साहित हैं।
उन्होंने कहा, "मैं फिल्म को मिली प्रतिक्रिया से काफी उत्साहित हूं। मुझे फेसबुक और ट्विटर पर कई सारे संदेश मिले। भूमिका छोटी होने के बावजूद मेरे जैसे नवोदित कलाकार के लिए यह बड़ी बात है।" फिल्म के निर्देशक सुधीर मिश्रा से प्रभावित संदीप उनके साथ दोबारा काम करना चाहते हैं।