कोरोना वायरस से इस वक्त पूरा देश पीड़ित है और आम से लेकर खास तक सभी इससे प्रभावित नजर आ रहे हैं। बहुत से सेलेब्स इस बीमारी को मात दे चुके हैं तो वहीं कई ऐसे भी हैं जो इस वायरस से परेशान हो रहे हैं। कुछ दिनों पहले टीवी अभिनेता अनिरुद्ध दवे कोरोना संक्रमित पाए गए थे। वहीं अब बताया जा रहा है कि उनकी स्थिति काफी खराब हो गई है।अनिरुद्ध को आईसीयू में शिफ्ट कर दिया है।
'पटियाला बेब्स' और 'शक्ति अस्तित्व के एहसास की' जैसे शो का हिस्सा रह चुके अनिरुद्ध दवे की स्थिति अच्छी नहीं बताई जा रही। इस बात की जानकारी उनकी दोस्त ने दी। अनिरुद्ध दवे की दोस्त आस्था चौधरी ने कहा कि, 'दोस्त अनिरुद्ध की सलामती के लिए दुआ करिए। कृपया अपने व्यस्त जीवन में से कुछ वक्त निकाल कर उनके लिए दुआ मांगिए'।
बता दें कि अनिरुद्ध दवे 23 अप्रैल को कोरोना संक्रमित हुए थे। इसके बाद से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं तबीयत ठीक होने के बजाय ज्यादा बिगड़ने लगी तो उनकी सेहत का ध्यान रखते हुए उन्हें आईसीयू में शिफ्ट करना पड़ा।
अनिरुद्ध ने अपने पॉजिटिव होने के बाद एक चैनल को दिए इंटरव्यू में बताया था कि वो भोपाल के एक होटल में क्वारंटीन हैं। उन्होंने कहा कि, 'हालात अच्छे नहीं हैं और इस बीमारी को गंभीरता से लेने की जरूरत है'। गौरतलब है कि इसी साल फरवरी में अनिरुद्ध एक बेटे के पिता बने हैं। उनकी पत्नी और फैंस उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे। फैंस भी प्रार्थना कर रहे हैं कि जल्द ही अनिरुद्ध कोरोना को मात देकर घर लौट आएंगे। बता दें कि फिल्मों के अलावा टीवी जगत के कई सितारे कोरोना पॉजिटव हो चुके हैं। वहीं कई सितारे ऐसे भी हैं जो इस बीमारी को हरा चुके हैं और जरूरतमंदों की मदद कर रहे हैं।