देश में कोरोना की स्थिति का हाल ये है कि आम जनता से लेकर सेलिब्रिटी तक कोई सुरक्षित नहीं है। मनोरंजन जगत से तो आए दिन सेलेब्स के कोरोना संक्रमित होने की खबर सामने आ रही है। अब हाल ही में टीवी के मशहूर रियलिटी शो 'डांस दीवाने 3' के होस्ट राघव जुयाल कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी है।
राघव ने इंस्टाग्राम पोस्ट साझा करते हुए लिखा, 'खांसी और बुखार के बाद मैंने अपना कोविड19 टेस्ट कराया जो पॉजिटिव आया है। जो भी लोग मेरे संपर्क में आए हैं वो अपनी जांच करा लें। सभी अपना ध्यान रखें और सुरक्षित रहें। सभी सावधानियां बरतें'।
बता दें कि कुछ दिनों पहले इस डांस शो के जज धर्मेंश कोरोना संक्रमित पाए गए थे। वहीं शो के करीब 18 क्रू मेंबर्स को भी कोरोना हो गया था। इस शो में सेलिब्रिटी माधुरी दीक्षित , तुषार कालिया, धर्मेश येलांदे बतौर जज नजर आते हैं। वहीं राघव जुयाल शो होस्ट करते हैं। उन्हें दर्शक काफी पसंद भी करते हैं।
रियलिटी शो डांस दीवाने 3 को काफी पसंद किया जाता है। हालांकि सेट पर कई लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद मेकर्स ने बयान जारी करते हुए कहा था कि, 'सेट को पूरी तरह सैनिटाइज किया गया है और सभी का कोविड टेस्ट कराया जा रहा है। साथ ही ये भी कहा गया कि क्रू मेंबर्स की सुरक्षा और सेहत को लगातार मॉनीटर किया जा रहा है और तय गाइडलान्स के हिसाब से सारे प्रीकॉशंस लिए जा रहे हैं'।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से कोरोना का ग्राफ देश में तेजी से बढ़ा है और सेलेब्स संक्रमित हो रहे हैं। कुछ समय पहले बिग बॉस फेम अर्शी खान ने भी अपने कोरोना संक्रमित होने की जानकारी दी। ऐसे में सेलेब्स भी लोगों से अपील कर रहे हैं कि सभी मास्क लगाएं और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें।