जी टीवी पर जल्द ही प्रसारित होने वाले सीरियल 'हमारीवाली गुड न्यूज' की मुख्य कलाकार जूही परमार और सृष्टि जैन ने लाइव कार्यक्रम के दौरान अमर उजाला के साथ ढेर सारी बातें कीं। वहीं प्रदेश के पांच मुख्य शहरों- लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, मेरठ व आगरा से एक-एक आदर्श सास-बहू की जोड़ी भी लाइव कार्यक्रम में शामिल हुईं। जूही परमार और सृष्टि जैन ने सिर्फ 'हमारीवाली गुड न्यूज' के बारे में ही चर्चा नहीं की बल्कि आम जिंदगी और सास- बहू के रिश्ते के भी कई राज खोले।
शो के बारे में सबसे पहले बात करते हुए जूही ने कहा, 'ये काफी हटकर शो है, ये अभी तक दिखाए गए सास- बहू कार्यक्रमों से एक दम जुदा है। इस शो में भी आपको सास- बहू की तू-तू मैं-मैं देखने को मिलेगी, लेकिन उसका अंदाज काफी प्यारा होगा। इस शो का कॉन्सेप्ट ही यही है कि कैसे एक सास अपनी बहू के लिए एक बहुत बड़ा कदम उठा सकती है और कैसे अपनी बहू को बेटी की तरह ही प्यार कर सकती है।' जूही आगे बताती हैं, 'आप शो में देखेंगे कि कैसे जीवन में कुछ ऐसे मोड़ आते हैं, जिससे हम सास- बहू, सहेलियां बन जाती हैं।'
सृष्टि जैन ने बातचीत में बताया, 'जैसी सास- बहू, आप इस शो में देखेंगे, वैसे ही कई सास- बहू हकीकत में भी होती हैं। जब इस शो का कॉन्सेप्ट मुझे बताया गया था तो वो सीधे दिल को छूने वाला था, क्योंकि एक सास अपनी बहू के लिए इतना बड़ा कदम उठाए, इतना प्यार दे, ये सच में बड़ी चीज है। जैसे एक लड़की अपनी मां की बातों का बुरा नहीं मानती, वैसे ही नव्या( कार्यक्रम की बहू) भी अपनी सास की किसी बात का बुरा नहीं मानती। इसके अलावा दोनों के बीच में प्यार बहुत है। वहीं शो में आपको एक रोल रिवर्सल भी देखने को मिलेगा।'
आज के समाज के बारे में जूही परमार ने कहा, 'अब समय बदल रहा है और ऐसे में समाज भी बदल रहा है। उदाहरण के तौर पर पहले कहा जाता था कि लड़की 16-17 साल की हो गई है तो शादी कर दो, लेकिन अब 22-23 साल की उम्र भी लगती है कि बहुत जल्दी शादी हो रही है। इस शो के माधय्म से यही कहना है कि मॉर्डनिज्म और प्रोगरेसिव नेचर अगर आपके पास है, तो आप बहुत अच्छा जीवन जी सकते हैं।'
बातचीत में सृष्टि ने कहा, 'देखिए सास- बहू के रिश्ते में एक चीज तो साफ है कि अगर आप अपनी सास को मां के तौर पर देखना चाहती हैं तो आपको भी बहू की जगह बेटी बनना पड़ेगा। यही बात अभी जो सास- बहू की जोड़ियां हमसे जुड़ीं, उन्होंने भी कही।' इस ही बात को आगे बढ़ाते हुए जूही ने कहा, 'होता क्या है कि सास- बहू याद रखते हैं कि कब- किसने गलत कहा था या गलत अंदाज में बात की थी, किसकी बात नहीं मानी थी, आप प्वाइंटर्स बना लेते हैं। लेकिन क्या आपको याद है कि आपकी मां या बेटी के साथ आपने ऐसी लिस्ट कब बनाई थी। सिंपल है कि आपको सामने वाले को सिर्फ अपनाना है, फिर तो सब अच्छा ही होगा।'